विदेश

बलूच उग्रवादियों ने लॉन्च की अपनी नौसेना यूनिट, पहले हमले में तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया

बलूच लिबरेशन आर्मी ने ग्वादर में HMDF नाम से अपनी नौसेना यूनिट लॉन्च की है। इसके साथ ही यह दावा भी किया है कि उन्होंने अपनी पहली समुद्री कार्रवाई में तीन पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है।

2 min read
Apr 14, 2026
बलूच उग्रवादियों ने लॉन्च की अपनी नौसेना यूनिट (फोटो- आईएएनएस)

बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियों और संघर्षों का केंद्र रहा है। यहां बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) लगातार पाकिस्तान सरकार के खिलाफ अभियान चला रही है। हाल ही में इस संगठन ने समुद्री क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। BLA ने दावा किया है कि उसने अपने पहले समुद्री ऑपरेशन में पाकिस्तान के तीन नौसैनिकों को मार गिराया है। यह हमला ग्वादर जिले के जिवानी इलाके में किया गया, जहां संगठन ने अपने नए नौसैनिक विंग की शुरुआत भी घोषित की है।

ये भी पढ़ें

‘चेहरा बिगड़ा, पैरों में चोट लेकिन मानसिक रूप से स्वस्थ’, मोजतबा खामेनेई को लेकर नया खुलासा

हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें चार नकाबपोश लड़ाके समुद्र की ओर बढ़ते हुए दिखाई देते हैं और एक स्पीडबोट में सवार होते हैं। वीडियो में आगे दिखाया गया कि ये लड़ाके समुद्र में एक नाव की ओर बढ़ते हैं, जिसे पाकिस्तान कोस्ट गार्ड की नाव बताया गया है। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले को BLA ने अपनी पहली संगठित समुद्री कार्रवाई बताया है, जिससे संकेत मिलता है कि संगठन अब जमीन के साथ समुद्री रणनीति भी अपना रहा है।

बलूच समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए बनाया यूनिट

BLA के प्रवक्ता जीयंद बलोच ने एक बयान में कहा कि संगठन ने हम्माल मैरीटाइम डिफेंस फोर्स (HMDF) नाम से एक नया नौसैनिक विंग बनाया है। उन्होंने कहा कि इस विंग का उद्देश्य बलूच समुद्री क्षेत्रों की सुरक्षा करना है। उनके अनुसार, 12 अप्रैल की सुबह जिवानी के मिल तियाब इलाके में इस विंग ने पहली कार्रवाई की, जिसमें पाकिस्तान नौसेना की गश्ती नाव को निशाना बनाया गया। इस हमले में नाइक अफजल, सिपाही जमील और सिपाही उमर नाम के तीन सैनिकों की मौत होने का दावा किया गया है।

हर स्तर पर हमले जारी रखेगा संगठन - BLA

BLA ने अपने बयान में कहा, जब तक इस जमीन पर एक भी बलूच जिंदा है, हम आपको इस समुद्र या जमीन पर रहने नहीं देंगे। संगठन ने यह भी कहा कि वह पहले भी तैयार था और आगे भी हर स्तर पर हमले जारी रखेगा। बयान में पाकिस्तान पर आरोप लगाया गया कि वह बलूच संसाधनों का शोषण कर रहा है और समुद्री इलाकों को सैन्य ठिकानों में बदल रहा है। BLA ने चेतावनी दी कि अब उसका संघर्ष पहाड़ों और शहरों से आगे बढ़कर समुद्र तक पहुंच चुका है और यह दुश्मन के लिए बड़ा खतरा साबित होगा।

Published on:
14 Apr 2026 11:47 am
Also Read
View All