विदेश

बलूचिस्तान बन रहा पाकिस्तान के गले की फांस, सेना ने 7 बलूच विद्रोहियों को किया ढेर

पाकिस्तान में सेना और बलूच विद्रोहियों के बीच संघर्ष जारी है। इसी बीच सेना ने 7 बलूच विद्रोहियों को मार गिराया।
2 min read
Jun 04, 2025
Pakistani troops
Pakistani troops (Photo - Washington Post)

बलूचिस्तान (Balochistan) में बिगड़ती स्थिति की वजह से वो पाकिस्तान (Pakistan) के गले की फांस बन चुका है। काफी समय से बलूच विद्रोहियों और पाकिस्तानी सेना के बीच संघर्ष चल रहा है। इसकी वजह है पाकिस्तानी सरकार की बलूचों की उपेक्षा करना और सेना के निर्देश पर बलूचों का अपहरण और हत्या। ऐसे में बलूच नेता, विद्रोही और ज़्यादातर जनता खुद को पाकिस्तान से अलग करते हुए आज़ाद बलूचिस्तान के रूप में अपना अलग देश चाहते हैं। हालांकि पाकिस्तान सरकार और सेना ऐसा नहीं होने देना चाहती। मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने बलूच विद्रोहियों के खिलाफ दो अलग-अलग सैन्य अभियान चलाए।

पाकिस्तानी सेना ने 7 बलूच विद्रोहियों को किया ढेर

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को सेना ने बलूचिस्तान के कच्छी जिले के माच इलाके में 5 बलूच विद्रोहियों को मार गिराया गया। सेना और बलूच विद्रोहियों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें सेना को कामयाबी मिली। दूसरे सैन्य अभियान में पाकिस्तानी सेना ने कलात जिले के मरगंड इलाके में 2 अन्य बलूच विद्रोहियों को भी मार गिराया। पाकिस्तानी सेना ने बलूच विद्रोहियों को आतंकी बताया।

ठिकानों पर किया हमला, हथियार किए जब्त

आईएसपीआर ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बलूच विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला करते हुए उन्हें ढेर कर दिया। सेना ने इन ठिकानों से हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक भी बरामद किए।



अन्य शहरों पर बीएलए के कब्ज़े का बढ़ा खतरा

बलूच लिबरेशन आर्मी – बीएलए (Baloch Liberation Army- BLA) बलूचिस्तान के सुराब (Surab) शहर पर पहले ही कब्ज़ा कर चुकी है। अब उन्होंने राजधानी क्वेटा (Quetta) के साथ ही मस्तुंग (Mustang) में भी कई इलाकों पर कब्ज़ा कर लिया है। ऐसे में अब बलूचिस्तान के अन्य शहरों पर भी बीएलए के कब्ज़ा करने का खतरा बढ़ गया है।


पाकिस्तानी सेना हुई अलर्ट

बीएलए के बलूचिस्तान के शहरों पर धीरे-धीरे कब्ज़े की आशंका से पाकिस्तानी सेना अलर्ट हो गई है। सैनिकों की तैनाती बढ़ा दी गई है, जिससे बीएलए को कामयाबी न मिले। पुलिस भी सेना की मदद कर रही है।

यह भी पढ़ें- रूस पर हमले के बाद ट्रंप का सपोर्ट लेने अमेरिका पहुंची यूक्रेनी टीम



Updated on:
04 Jun 2025 11:24 am
Published on:
04 Jun 2025 11:21 am