
Arson at Muhammad Yunus home: बांग्लादेश में हिंसा फिर से बढ़ गई है। बीते दो दिनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में आगजनी की खबरें सामने आई हैं। बुधवार को उग्र प्रदर्शनकारियों ने पूर्व अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनूस का घर जला दिया। सिलहट, राजशाही, बारीसाल और फरीदपुर में 'ग्रामीण बैंक' की कई शाखाओं में भी आगजनी सामने आई है।
बांग्लादेश की कई अखबार की रिपोर्टों के मुताबिक BNP के कार्यकर्ताओं ने बीते दिनों आवामी लीग के नेताओं घरों पर हमला किया और आग लगा दी। देश के 28 जिलों में बमबाजी की घटना सामने आई है। हिंसक भीड़ ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
पश्चिमी नराइल जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की मार्च पर आवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। इस हमले में BNP के दो नेता मारे गए। वहीं, फरीदपुर और पिरोजपुर में तारिक रहमान की पार्टी के एक नेता और एक परिवहन कर्मी की मौत हुई है। ढाका में हुए हिंसक प्रदर्शन में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।
शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में सबसे अधिक हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। यहां सरकार ने अर्धसैनिक बल 'बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' के हजारों जवानों को तैनात किया है। पुलिस ने अकेले ढाका से 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें हसीना कैबिनेट के पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि वीडियो और ऑडियो सबूत के आधार पर उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने देश में हिंसक प्रदर्शन को लेकर आवामी लीग को जमकर घेरा। रहमान ने आवामी लीग को फासीवादी ताकत बताते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि आइए 2024 की भावना के साथ एक बार फिर एकजुट हों, जब हमने निरंकुश ताकतों को देश से बाहर खदेड़ा था और उनकी निर्णायक हार तय करें।
बांग्लादेश के पूर्व पीएम शेख हसीना ने वापसी का ऐलान किया है। वह इस साल के आखिर तक अपने वतन लौट सकती हैं। उन्होंने नया पासपोर्ट के लिए भी आवेदन किया था। हसीना को एक विशेष न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) ने मौत की सजा सुनाई है। इसके बावजूद उन्होंने कहा था कि वह ढाका लौटेंगी। उनके ऐलान के बाद से ही तनाव बढ़ गया है।