
ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग (फोटो- AI जेनरेटेड)
Trump-Xi-Putin Meeting: दुनिया भर की निगाह आज चीन के शेन्जेंग में होने वाली बैठक पर टिकी हुई है। एपेक से इतर होने वाली इस बैठक में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक साथ होंगे। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पहली बार इस तरह की कोई मेजबानी कर रहे हैं। चीन इसे वैश्विक व्यवस्था में शेन्जेन मॉडल बताकर पेश कर रहा है। यह हूबहू दूसरे विश्व युद्ध के बाद क्रीमिया (तब सोवियत संघ, अब रूस का हिस्सा) के याल्टा में हुए बैठक की याद दिलाता है। जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट, ब्रिटेन के पीएम विंस्टन चर्चिल और सोवियंत संघ के नेता जोसेफ स्टालिन ने हिस्सा लिया था। जिसके बाद दुनिया और खासकर यूरोप को नया आकार मिला था।
सामरिक मामलों के जानकार सी राजामोहन ने इंडियन एक्सप्रेस में इस बैठक को लेकर लिखा कि रेनमिन यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर वांग वेन ने शेन्जेन मॉडल को जानबूझकर गढ़ा है, ताकि इसे भी उतनी ही तवज्जो मिले। जितना की पूर्व में याल्टा, वियाना जैसी बैठकों को मिला है। उन्होंने लिखा कि महाशक्तियों की व्यवस्थाओं को अक्सर उन जगहों के नाम मिले हैं, जहां वह बैठकें हुई हैं।
उन्होंने अपने आर्टिकल में बताया है कि चीन की कोशिश है कि इस बैठक को वह याल्टा से इतर दिखाए। क्योंकि याल्टा ने दुनिया को गुटों में बांटने में मदद की। उनका कहना है कि शेन्जेन महाशक्तियों की प्रतिद्वंद्विता को स्वीकार करता है, पर प्रतिस्पर्धा को सीमित रखने के लिए "ब्रेकिंग मैकेनिज्म" के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने लिखा कि शेन्जेंन के नाम पर कोई अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनेगी या नहीं, यह देखना बाकी है। लेकिन यह अभूतपूर्व शिखर सम्मेलन आधुनिक अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक मोड़ साबित हो सकता है। जो भी हो, वांग का शब्द "शेन्जेन अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था" बताता है कि बीजिंग क्या चाहता है। वह एक ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहे हैं। जिससे वैश्विक व्यवस्था में चीन की प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी हो और उसे सह प्रबंधक के रूप में मान्यता मिले।
ORF के वाइस प्रेसिडेंट व सामरिक मामलों के विशेषज्ञ हर्ष वी पंत ने अपने ऑपनियन में लिखा कि आज दुनिया के तीन बड़े नेताओं की होने वाली बैठक इस साल की सबसे अहम कूटनीतिक घटनाओं में से एक होगी। यह पहली बार होगा कि दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु ताकतों के नेता एक साथ बैठेंगे।
पंत ने आगे लिखा कि ट्रंप चाहते हैं कि परमाणु हथियारों पर नियंत्रण का एक नया ढांचा बने। क्योंकि 2026 में "न्यू स्टार्ट" संधि खत्म हो गई, जिससे अमेरिका और रूस के परमाणु हथियारों पर लगी आखिरी औपचारिक सीमा भी समाप्त हो गई। पर इस पर चीन राजी नहीं है। इसकी बड़ी वजह यह है कि रूस और अमेरिका के पास परमाण हथियार की संख्या करीब 5 हजार है, जबकि चीन के पास महज छह सौ।
उन्होंने आगे बताया कि इस बैठक में रूस का मकसद कूटनीतिक अहमियत वापस पाने का मौका जैसा है। रूस इस त्रिपक्षीय बैठक का बड़ा समर्थक रहा है और पुतिन ने अक्टूबर 2026 में ट्रंप से बातचीत में यह सुझाव रखा था।। हालांकि, इस बैठक के कोर एजेंडे में रूस-यूक्रेन का मुद्दा शामिल नहीं है, लेकिन फिर भी क्रेमलिन की चाहत है कि इस बैठक में उस पर चर्चा की जाए, जबकि शांति की कोशिश करने वाले ट्रंप इस मसले को इस बैठक से दूर रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक को लेकर चीन की सोच दोनों देशों से अलग है। पंत ने लिखा कि शी जिनपिंग की चाहत है कि इस बैठक की मेजबानी करके चीन खुद को वैश्विक कूटनीति के केंद्र में दिखाए।
दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के पहले त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन की मेज़बानी शेन्ज़ेन में करने से चीन की छवि मजबूत होती है, और वह एक अपरिहार्य राजनयिक मध्यस्थ के रूप में उभरता है। अमेरिका चाहता तो हाल ही में संपन्न हुए 'ईस्ट एशिया समिट' (जिसमें रूस और चीन भी शामिल हैं) के दौरान मनीला में ही इस त्रिपक्षीय बैठक के आयोजन पर जोर दे सकता था। लेकिन इसके बजाय, ट्रम्प प्रशासन ने राजनयिक पहल की कमान शी जिनपिंग के हाथों में सौंप दी, जिससे उन्हें मंच तैयार करने और राजनयिक लाभ उठाने का मौका मिल गया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allविदेश




