विदेश

Binance हैक पर FBI का बड़ा खुलासा: 6.3 अरब डॉलर की चोरी के पीछे उत्तर कोरिया, एथेरियम में ट्रांसफर हो रही रकम

Cryptocurrency Heist: FBI ने Binance से हुई 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी चोरी के लिए उत्तर कोरिया को जिम्मेदार ठहराया है। एजेंसी के अनुसार, हैकर चुराए गए फंड को मुख्य रूप से एथेरियम में बदल रहे हैं और आगे चलकर वे डिसेंट्रलाइज्ड फाइनेंस प्लेटफॉर्म और इंस्टेंट स्वैप सेवाओं के जरिए इस पैसे को लॉन्डर करने की कोशिश कर सकते हैं।
2 min read
• •
Updated: 1 Nov 2026, 6:49 AM IST
Binance Crypto Hack
Binance Crypto Hack: Photo AI

Binance Crypto Hack: ग्लोबल क्रिप्टोकरेंसी मार्केट के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म Binance से कुछ ही मिनटों के भीतर 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टो की चोरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल मचा दी है। अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने अपनी जांच रिपोर्ट में पुष्टि की है कि इतिहास की इस सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी के पीछे उत्तर कोरिया का हाथ है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, उत्तर कोरिया के एक शातिर साइबर अपराध गिरोह ट्रेडर ट्रेटर ने इस हमले को अंजाम दिया है।

20 मिनट में 10 ब्लॉकचेन से 6.3 अरब डॉलर की चोरी

जांच एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय ब्लॉकचेन एनालिटिक्स फर्मों TRM लैब्स और एलिप्टिक की शुरुआती जांच के अनुसार, यह हमला 29 अक्टूबर की रात को हुआ था। हैकरों ने बाइनेंस के ट्रांजैक्शन अप्रूवल और साइनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में सेंध लगाई। हैकरों ने वॉलेट की प्राइवेट की (private keys) चुराने के बजाय फंड ट्रांसफर को अधिकृत करने वाले पूरे ऑटोमेटेड सिस्टम को ही हाईजैक कर लिया। इस वजह से बिना किसी सामान्य सिक्योरिटी चेक के लगभग 20 मिनट के भीतर 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्कों से 6.3 अरब डॉलर के टोकन, बिटकॉइन और स्टेबलकॉइन्स निकाल लिए गए।

एथेरियम और DeFi के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की कोशिश

FBI, यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस (USSS) और IRS-क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन (IRS-CI) की संयुक्त जांच से पता चला है कि ट्रेडर ट्रेटर समूह फिलहाल चुराए गए फंड को मुख्य रूप से एथेरियम (ETH) में बदल रहा है।

एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि हैकर डिसेंट्रलाइज्ड फाइनेंस (DeFi) प्लेटफॉर्म और इंस्टेंट स्वैप सेवाओं का इस्तेमाल करके इस फंड को हजारों छोटे-छोटे हिस्सों में बांट रहे हैं। यह पूरी प्रक्रिया ऑटोमेटेड स्क्रिप्ट और क्रॉस चेन ब्रिज के जरिए की जा रही है, ताकि फंड के असली स्रोत को छिपाया जा सके और पारंपरिक बैंकिंग चैनलों या ओवर द काउंटर ब्रोकर्स के जरिए इसे सुरक्षित कैश में बदला जा सके।

अमेरिकी एजेंसियों का अलर्ट

FBI ने निजी क्षेत्र की क्रिप्टो कंपनियों और ब्लॉकचेन सेवा प्रदाताओं से आग्रह किया है कि वे ट्रेडर ट्रेटर समूह से जुड़े वॉलेट एड्रेस को तुरंत ब्लैकलिस्ट और ब्लॉक कर दें। टेथर (USDT) और सर्कल (USDC) जैसे स्टेबलकॉइन जारी करने वालों ने लगभग 2.6 से 2.7 बिलियन डॉलर मूल्य के चोरी हुए स्टेबलकॉइन्स को फ्रीज करने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं। हालांकि, हैकरों के पास अभी भी 420,000 से अधिक एथेरियम और 18,270 बिटकॉइन का नियंत्रण है, जिन्हें फ्रीज नहीं किया जा सकता।

लोगों के नुकसान की भरपाई करेगा बाइनेंस

सुरक्षा में इतनी बड़ी सेंध लगने के बावजूद बाइनेंस ने दुनिया भर में अपने लाखों उपयोगकर्ताओं को भरोसा दिलाया है कि उन्हें कोई वित्तीय नुकसान नहीं होगा। कंपनी ने कहा है कि उसके पास पर्याप्त रिजर्व मौजूद है, जो चोरी हुई क्रिप्टो के लगभग 90 प्रतिशत के बराबर है, जिससे नुकसान की भरपाई की जा सकती है। एक आधिकारिक बयान में, बाइनेंस प्रबंधन ने वादा किया कि प्रभावित ग्राहकों को उनके नुकसान की पूरी भरपाई की जाएगी। इसके अलावा, कंपनी ने कहा कि वह दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

Updated on:
1 Nov 2026, 6:49 AM IST
Published on: