विदेश

नाइजीरिया में नदी में पलटी नाव, 51 लोगों की मौत

Boat Capsizes In Nigeria: नाइजीरिया में नदी में नाव पलटने का मामला सामने आया है। इस हादसे में 51 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
2 min read
Aug 21, 2026
Boat capsize
नदी में पलटी नाव (Photo - ANI)

नाइजीरिया (Nigeria) के उत्तर-पश्चिमी सोकोटो (Sokoto) राज्य में गुरुवार को लोगों से भरी एक नाव पलट गई। बताया जा रहा है कि इस नाव पर क्षमता से ज़्यादा लोग सवार थे। ओवरलोडिंग की वजह से ही नाव पलट गई। यह हादसा गोरोन्यो स्थानीय सरकारी क्षेत्र के गोराऊ (Gorau) गांव के पास एक नदी में हुआ।

51 लोगों की हुई मौत

नाइजीरिया के सोकोटो राज्य में गोराऊ गांव के नदी में नाव के पलटने से 51 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में ज़्यादातर बच्चे हैं। पूर्व स्थानीय काउंसलर इब्राहिम मूसा के ने बताया कि 46 शवों के पहले मिलने से उन्हें उसके बाद ही दफना दिया गया था। उसके बाद नदी से 5 और शव निकाले गए, जिससे मृतकों की संख्या 51 पहुंच गई। कई शवों को चटाई और पारंपरिक कपड़ों में लपेटकर मस्जिद के आंगन में रखा गया, जहां से उन्हें दफनाने ले जाया गया। हादसे के समय नाव पर 70 से ज़्यादा लोग सवार थे। ऐसे में मृतकों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

16 लोगों की बचाई गई जान

राष्ट्रीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी अब्दुल कादिर युसूफ ने बताया कि मरने वालों में करीब 40 बच्चों के शव बरामद हुए। वहीं 16 लोगों की जान बचाई गई है। नाव पर सवार बच्चों की उम्र 10 से 15 साल के बीच बताई जा रही है, जो बरसात के मौसम में खेतों में काम करने जाते हैं। इनमें से ज़्यादातर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। हालांकि सभी की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।

सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नाव पर सवार कुछ लोग अभी नहीं मिले हैं। ऐसे में सर्च एंड रेस्क्यू टीम का ऑपरेशन जारी है, जिससे जल्द से जल्द लापता लोगों को ढूंढा जा सके।

समय-समय पर होते हैं नाइजीरिया में इस तरह के हादसे

नाइजीरिया में इस तरह के हादसे समय-समय पर होते हैं। नदियों पर ओवरलोडेड, खराब रखरखाव वाली नावें और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से हर साल कई लोग अपनी जान गंवा देते हैं। सड़कों की खराब स्थिति के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोग नदियों से ही यात्रा करते हैं। अधिकारी सुरक्षा नियमों को सख्त करने और जीवन रक्षक जैकेट अनिवार्य करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसका फायदा नहीं हो रहा है।

Updated on:
21 Aug 2026 01:47 am
Published on:
21 Aug 2026 01:47 am