विदेश

19 साल बाद जेल से रिहा होगा चार्ल्स शोभराज : दोस्ती, ड्रग्स और फिर 20 से ज्यादा मर्डर, जानिए कुख्यात ‘बिकनी किलर’ की पूरी कहानी

Bikini Killer Charles Sobhraj: 20 से ज्यादा हत्या का आरोपी चार्ल्स शोभराज 19 साल बाद नेपाल की जेल से रिहा होने वाला है। नेपाल सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिहाई का आदेश दे दिया है। बिकनी किलर के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज 70 के दशक में कई देशों के लिए सिरदर्द था। जानिए उसकी पूरी कहानी।

3 min read
Charles Sobhraj Story Stepped into the world of crime in childhood then became bikini killer

Bikini Killer Charles Sobhraj: बिकनी किलर के नाम से मशहूर चार्ल्स शोभराज 19 साल बाद जेल से बाहर आने वाला है। नेपाल की सर्वोच्च अदालत ने उसे रिहा करने का आदेश दिया है। शोभराज द्वारा दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण (हैबियस कॉरपस) याचिका पर सुनवाई करते हुए, जस्टिस सपना प्रधान मल्ला और तिल प्रसाद श्रेष्ठ की संयुक्त पीठ ने उनकी रिहाई का आदेश दिया, उन्होंने कहा कि 15 दिनों के भीतर फ्रांसीसी नागरिक को उनके देश वापस भेजने की व्यवस्था की जाए। चार्ल्स शोभराज पर 20 से ज्यादा हत्या का मामला है। अपने हैंडसम पर्सनालिटी के दम पर चार्ल्स पहले दोस्ती करता, फिर ड्रग्स देकर हत्याएं करता था। 70 के दशक में चार्ल्स शोभराज कई देशों के लिए सिरदर्द बन चुका था। 78 वर्षीय शोभराज दो उत्तरी अमरीकी पर्यटकों की हत्या के आरोप में 2003 से नेपाल की जेल में है। सुप्रीम कोर्ट ने अब उसे उसकी याचिका और स्वास्थ्य के आधार पर रिहा करने का आदेश दिया है।

सितंबर 2003 में फाइव स्टार होटल से गिरफ्तार हुआ था चार्ल्स शोभराज
शोभराज नेपाल में 1975 में कनाडाई लैडी डुपार और एनाबेला ट्रेमोंट नामक अमेरिकी महिला की हत्याओं के लिए वांछित था। इन दोनों से उसकी दोस्ती काठमांडू में हुई थी। पुलिस ने शोभराज को सितंबर 2003 में पांच सितारा होटल से गिरफ्तार किया था।

पिता भारतीय, मां वियतनामी, घर फ्रांस
चार्ल्स शोभराज का जन्म 6 अप्रैल, 1944 को फ्रांस के साइगॉन में हुआ था। उसके पिता भारतीय मूल के थे। जबकि मां वियतनाम से थी। उसके माता-पिता की कभी शादी नहीं हुई थी। बचपन में ही चार्ल्स ने छोटे-छोटे अपराध शुरू कर दिए थे। 1963 में चोरी के लिए उसे पहली बार जेल की सजा मिली थी।

बिकनी किलर कैसे बना चार्ल्स शोभराज, उसकी दोस्ती और ड्रग्स की कहानी
साल 1975 में चार्ल्स शोभराज ने भारतीय साथी अजय चौधरी के साथ मिलकर थाइलैंड में पहली हत्या को अंजाम दिया था। बिकनी पहनी एक पर्यटक पूल में पाई गई थी। जिसकी हत्या का आरोप चार्ल्स पर लगा था। इसी दशक में चार्ल्स ने साउथ-ईस्ट एशिया के 12 पर्यटकों की हत्या की।

इन सभी की मौत पानी में डूबने, गला घोंटे जाने, चाकू के वार से या फिर जिंदा जलाए जाने से हुई। कहा जाता है कि अपनी हैंडसम पर्सनिलिटी के दम पर चार्ल्स विदेशी महिलाओं से दोस्ती करता। फिर उन्हें ड्रग्स देकर हत्या कर देता था। वह कई भाषाओं का जानकार है। उसकी शिकार हुई कई महिलाएं बिकनी पहनी थी, जिस कारण उसका नाम बिकनी किलर के नाम से मशहूर हुआ।

1996 में दिल्ली की एक जेल से भाग गया था चार्ल्स शोभराज
रिपोर्ट्स के अनुसार शोभराज ने थाईलैंड में 14 सहित दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया में कम से कम 20 पर्यटकों की हत्या की थी। 1996 में जब उसे ऐसा लगने लगा था कि पटाया के एक समुद्र तट पर बिकनी पहने छह महिलाओं की हत्या के आरोप का सामना करने के लिए उसे थाईलैंड प्रत्यर्पित किया जाएगा वह दिल्ली की एक जेल से भाग गया था।


2010 में सुप्रीम कोर्ट ने आजीवन कारावास का किया था समर्थन

बाद में शोभराज को बाद में गोवा में फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। वह भारत में जेल से छूटने के बाद फ्रांस में रह रहा था। 2010 में, सुप्रीम कोर्ट ने काठमांडू जिला अदालत द्वारा उसे सुनाई गई आजीवन कारावास की सजा का समर्थन किया था। जिसके बाद शोभराज ने सुप्रीम कोर्ट में बार-बार रिट याचिका दायर की, जिसमें मांग की गई थी कि 70 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को जेल से रिहा करने की छूट दी जाए। इसका लाभ इसे भी दिया जाए।

रिहाई के आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा-
अपनी रिहाई की मांग वाली याचिका में शोभराज ने तर्क दिया कि वह पहले ही 19 साल जेल में काट चुका है और अब वह 78 साल का है। ऐसे में उसे रिहा किया जाए। इस पर कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा, "उसे लगातार जेल में रखना कैदी के मानवाधिकारों के अनुरूप नहीं है। अगर उसके खिलाफ जेल में रखने के लिए कोई अन्य मामला लंबित नहीं है तो यह अदालत उसकी रिहाई और ... 15 दिनों के भीतर अपने देश लौटने का आदेश देती है।

चार्ल्स शोभराज की जीवनी पर बन चुकी है फिल्म

2008 में जेल में शोभराज ने निहिता बिस्वास से शादी की, जो उससे 44 साल छोटी है और उसके नेपाली वकील की बेटी है। चार्ल्स शोभराज की कहानी पर फिल्म भी बन चुकी है। रणदीप हुड्डा स्टारर फिल्म 'मैं और चार्ल्स' शोभराज के जीवन की कहानी पर आधारित है। उस दौरान अभिनेता ने जेल में किलर से मुलाकात भी की थी। फिल्म में रणदीप हुड्डा ने शोभराज का किरदार अदा किया था। यह फिल्म 2015 को रिलीज हुई थी

Updated on:
22 Dec 2022 08:33 am
Published on:
22 Dec 2022 08:11 am
Also Read
View All

अगली खबर