
Colombia Earthquake: कोलंबिया में सोमवार को जोरदार भूकंप के झटके महसूस किये गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आकलन के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.4 थी। भूकंप का केंद्र कोलंबिया के चोको विभाग में सैन जोसे डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में था। अब तक इसमें 47 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावे कई लोग घायल भी हुए हैं। राहत कार्य चलाया जा रहा है।
भूकंप के झटके देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इसका असर कोलंबिया के दूर-दराज के इलाकों के अलावा वेनेजुएला की सीमा की ओर भी महसूस किया गया। घटना के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की।
USGS के मुताबिक, भूकंप 12:34 UTC यानी स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र सैन जोसे डेल पालमार के पास करीब 107 किलोमीटर की गहराई में था। जोरदार भूकंप के कारण कोलंबिया के कई हिस्सों में झटके महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राजधानी बोगोटा समेत देश के अन्य शहरों में भी लोगों ने कंपन महसूस की।
भूकंप के बाद चोको की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-कुरी ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर बताया कि भूकंप के बाद प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है। उन्होंने आफ्टरशॉक्स यानी भूकंप के बाद आने वाले झटकों को लेकर भी चिंता जताई। गवर्नर के मुताबिक, भूकंप का केंद्र सैन जोसे डेल पालमार के पास था, लेकिन इसका असर प्रांतीय राजधानी क्विब्दो में भी देखने को मिला। यहां कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है ।
कोलंबिया दक्षिण अमेरिका के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप की गतिविधियां काफी अधिक होती हैं। देश कई टेक्टोनिक प्लेट सीमाओं और प्रमुख फॉल्ट सिस्टम के आसपास स्थित है, जिसके कारण यहां अलग-अलग क्षेत्रों में भूकंप आते रहते हैं।
कोलंबियाई जिओलॉजिकल सेवा के मुताबिक, देश में अब तक 100 से ज्यादा विनाशकारी भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें खास तौर पर एंडियन क्षेत्र, ईस्टर्न कॉर्डिलेरा की पूर्वी तलहटी और प्रशांत क्षेत्र प्रभावित रहे हैं।