Trump Birthday Parade: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जन्मदिन पर होने वाली सैन्य परेड पर अभी से विवाद छिड़ गया है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
अमेरिका (United States Of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के जन्मदिन पर सैन्य परेड (Military Parade) का आयोजन तय किया गया है। हालांकि परेड पर पहले से ही विवाद छिड़ गया है। अमेरिका में 'लेफ्ट एक्शन' नाम के एक ग्रुप ने केयर2 पीटिशन पर 'कैंसल ट्रंप बर्थडे परेड नाउ' नाम से एक ऑनलाइन याचिका शुरू की है, जिसे अब तक 23,000 से ज़्यादा लोगों का समर्थन मिल चुका है। देश में राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे चुकी ट्रंप की जन्मदिन परेड पर खर्च से लेकर राष्ट्रपति की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
ट्रंप के जन्मदिन पर 14 जून को अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन डीसी में एक विशाल सैन्य परेड आयोजित होगी। अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ का जश्न भी इसी परेड के ज़रिए मनाया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि यह परेड उन सैनिकों को सम्मानित करने के लिए है जिन्होंने देश की रक्षा में बलिदान दिया है। उन्होंने इसे ओलंपिक और विश्व कप से भी भव्य बताया है।
यह भी पढ़ें- “नमाज भी नहीं की खत्म और भारत ने उससे पहले दाग दी ब्रह्मोस”, पाकिस्तानी पीएम का कबूलनामा
ट्रंप के समर्थक इस परेड काे देशभक्ति का प्रतीक मान रहे हैं, जबकि विरोधी इसे राष्ट्रपति की व्यक्तिगत महत्त्वाकांक्षा और संसाधनों की बर्बादी के रूप में देखते हैं। ट्रंप के विरोधी इस परेड पर होने वाले खर्च को फिजूलखर्ची मानते हैं। इतना ही नहीं, इस परेड में राष्ट्रपति ट्रंप की भूमिका को भी उनके विरोधी सही नहीं मानते।
परेड में 6,600 सैनिक, 150 सैन्य वाहन, 50 विमान और कई सैन्य बैंड शामिल हो सकते हैं। यह पेंटागन से नेशनल मॉल तक जाएगी और इसमें आतिशबाजी और संगीत कार्यक्रम भी होंगे।
परेड की अनुमानित लागत 25 से 45 मिलियन डॉलर्स के बीच मानी जा रही है। भारतीय करेंसी में इसकी वैल्यू करीब 213.9 करोड़ रुपये से 385 करोड़ रुपये तक है।
ट्रंप के जन्मदिन पर आयोजित सैन्य परेड का लगातार विरोध हो रहा है। इस पर लगाने वाली लागत भी काफी ज़्यादा है। हालांकि इसके बावजूद परेड की तैयारियाँ जारी हैं और फिलहाल इसे रद्द करने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- “इस्लाम के नाम पर आतंक फैलाना गलत”, इस इस्लामिक देश के मुस्लिम बोर्ड ने साधा पाकिस्तान पर निशाना