
Big Cat Conservation: जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए सिर्फ प्रदूषण कम करना ही काफी नहीं है, बल्कि जंगलों और वन्यजीवों को बचाना भी उतना ही जरूरी है। तुर्की के अंताल्या में आयोजित COP31 सम्मेलन में भारत ने बाघ, शेर और चीते जैसी बड़ी बिल्लियों (Big Cats) के संरक्षण की अहमियत बताई। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि इन वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने से जंगल, घास के मैदान और आर्द्रभूमि बचती हैं। ये प्राकृतिक क्षेत्र कार्बन को जमा करने में मदद करते हैं और जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य तौर पर इस बात पर चर्चा हुई कि बाघ या शेर जैसे जीव सीधे हवा से कार्बन डाइऑक्साइड तो नहीं खींचते, लेकिन उनके रहने की जगह यानी घने जंगल, घास के मैदान, आर्द्रभूमि और पहाड़ बहुत बड़े कार्बन स्टोरेज होते हैं। जब इन इलाकों की सुरक्षा होती है, तो जंगलों का विनाश रुकता है और पर्यावरण में ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कम होता है। मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि ये जीव 'अंब्रेला स्पीशीज' (छाता प्रजाति) की तरह काम करते हैं। यानी जब हम एक बाघ या शेर के पूरे इलाके को सुरक्षित करते हैं, तो उस जंगल में रहने वाले हजारों दूसरे छोटे जीव-जंतु, पेड़-पौधे और वहां की नदियों का पानी अपने आप सुरक्षित हो जाता है। इससे स्थानीय स्तर पर जलवायु का लचीलापन मजबूत होता है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना से बने 'इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस' के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के सामने वन्यजीवों को बचाने की जो चुनौतियां हैं, उनसे निपटने के लिए यह गठबंधन अलग-अलग देशों को एक मंच पर लाता है। इसके जरिए भारत अपने सफल कंजर्वेशन मॉडल, अनुभव और तकनीक को दूसरे देशों के साथ साझा कर रहा है ताकि वैश्विक स्तर पर सभी सात प्रमुख 'बिग कैट' प्रजातियों की रक्षा की जा सकें।
भारत ने जिस तरह से पिछले कुछ सालों में वन्यजीव संरक्षण में सफलता हासिल की है, उसकी तारीफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है। मंत्री ने जानकारी दी कि आज देश में 58 टाइगर रिजर्व हैं जो करीब 85,000 वर्ग किलोमीटर के बड़े इलाके में फैले हुए हैं। ये इलाके न केवल वन्यजीवों का घर हैं, बल्कि देश के बड़े कार्बन सिंक भी हैं और इनसे 600 से ज्यादा नदियां निकलती हैं या बहती हैं, जो पानी को शुद्ध रखने और भूजल बढ़ाने में मदद करती हैं। आंकड़ों के अनुसार, साल 2022 में भारत में जंगली बाघों की संख्या बढ़कर 3,682 हो गई है, जो दुनिया भर के कुल बाघों का 70 प्रतिशत से भी ज्यादा है।
भारत में 'प्रोजेक्ट टाइगर' सिर्फ पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आजीविका का भी बड़ा साधन बन रहा है। आंकड़ों के अनुसार, इस योजना से हर साल करीब 60 लाख 'मैन-डे' (मानव-दिवस) के बराबर रोजगार पैदा होते हैं। इससे स्थानीय लोगों को पर्यावरण-अनुकूल रोजगार यानी 'ग्रीन जॉब्स' मिल रहे हैं, जिससे वन्यजीव संरक्षण और ग्रामीण आजीविका दोनों को मजबूती मिल रही है।