विदेश

इस बीमारी ने मचाया हाहाकार, नाइजीरिया में अब तक 138 लोगों की मौत

Lassa Fever In Nigeria: नाइजीरिया में लासा बुखार की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। अब तक इस बीमारी के सैकड़ों मामले सामने आ चुके हैं, जो चिंता का विषय है।
2 min read
May 16, 2025
Lassa fever in Nigeria
Lassa fever in Nigeria

नाइजीरिया (Nigeria) में इस समय लासा बुखार (Lassa Fever) लोगों की चिंता का विषय बना हुआ है। इस बीमारी से देश में हाहाकार मचा हुआ है। पढ़कर मन में सवाल आना स्वाभाविक है कि लासा बुखार आखिर क्या है? दरअसल लासा बुखार एक गंभीर वायरल बीमारी है जो मुख्य रूप से पश्चिमी अफ्रीकी देशों में पाई जाती है। यह बीमारी लासा वायरस के कारण होती है। यह एक प्रकार का वायरल रक्तस्रावी बुखार है जो जानलेवा साबित हो सकता है। इस समय नाइजीरिया में यह बीमारी लोगों की परेशानी की वजह बना हुआ है।

अब तक 138 लोगों की मौत

नाइजीरिया में इस साल की शुरुआत से अब तक लासा बुखार के प्रकोप से मरने वालों की संख्या 138 हो गई है। इस बात की जानकारी नाइजीरिया के सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को दी। सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मरने वालों का आंकड़ा आने वाले समय में बढ़ सकता है।

सैकड़ों मामले आए सामने

नाइजीरिया के सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस साल अब तक देश में लासा बुखार के 717 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जानकारी के अनुसार इस साल अब तक देश के 36 राज्यों में से कम से कम 18 राज्य इस वायरल रक्तस्रावी बीमारी से प्रभावित हुए हैं। इनमें दक्षिणी राज्य ओंडो और उत्तरी राज्य बाउची और तराबा सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए हैं, जहाँ देशभर में लासा बुखार के कुल मामलों का 71% से ज़्यादा हिस्सा है।

अस्पताल अलर्ट मोड पर

नाइजीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशभर के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के लिए कहा है। इसके साथ ही ज़्यादा से ज़्यादा जांच करने के लिए कहा है, जिससे इस बुखार से पीड़ित लोगों का समय पर पता लगाकर उनका सही इलाज किया जा सके।

यह भी पढ़ें- बलूचिस्तान की पाकिस्तान से आज़ादी की लड़ाई में इन नेताओं की अहम भूमिका, बन रहे हैं बलूचों की आवाज़





Updated on:
16 May 2025 10:11 am
Published on:
16 May 2025 10:11 am