
Denmark Defence Package: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपनी हालिया डेनमार्क और आयरलैंड यात्राओं के बाद डेनमार्क द्वारा 645 मिलियन यूरो (लगभग 4.8 अरब डेनिश क्रोनर) के नए रक्षा पैकेज और ब्रिटेन (यूके) द्वारा रूस के तेल क्षेत्र पर लगाए गए नए प्रतिबंधों की घोषणा की जानकारी दी है। जेलेंस्की ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने यूरोपीय दौरे के इन ठोस परिणामों को साझा किया।
जेलेंस्की के मुताबिक डेनमार्क ने यूक्रेन के लिए 645 मिलियन यूरो का नया रक्षा पैकेज घोषित किया है। इसके अलावा 20 मिलियन यूरो का एक अलग ऊर्जा पैकेज भी दिया गया है। इस मदद से यूक्रेन की सेना और बिजली व्यवस्था, दोनों को मजबूती मिलेगी। 645 मिलियन यूरो के रक्षा पैकेज का बड़ा हिस्सा हमलावर ड्रोन (Strike drones) और इंटरसेप्टर ड्रोन खरीदने पर खर्च किया जाएगा।
जेलेंस्की ने बताया कि ब्रिटेन ने रूस के तेल क्षेत्र को निशाना बनाते हुए नए प्रतिबंधों के कदम उठाए हैं। रूस पर और सख्ती को लेकर ब्रिटेन से बातचीत हुई थी। फ्रांस, इटली, ब्रिटेन और पोलैंड के नेताओं के साथ हुई बैठकों में यूक्रेन के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन बढ़ाने पर जोर रहा।
जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन यूरोपीय संघ के साथ बची हुई दो वार्ता श्रेणियों (क्लस्टर) को इस साल के अंत तक पूरा करने की कोशिश कर रहा है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से इस पर बात हुई। आयरलैंड, पोलैंड, इटली और चेकिया के प्रधानमंत्रियों और लिथुआनिया के राष्ट्रपति से भी अहम बातचीत हुई।c जेलेंस्की ने कहा, हम यूरोप की रक्षा कर रहे हैं। हम यूक्रेन के लिए लड़ रहे हैं। ये बातें ऐसे समय आईं जब आयरलैंड की राजधानी डबलिन में 9वां यूरोपीय राजनीतिक समुदाय (EPC) शिखर सम्मेलन आयोजित हुआ।
जेलेंस्की ने कहा कि सभी यूरोपीय साझेदारों से इस पर चर्चा हुई कि यूक्रेन इस सर्दी को कैसे झेल सके। हवाई सुरक्षा, ऊर्जा क्षेत्र और रेलवे को मजबूत करने पर बात हुई। खेरसॉन, दनिप्रो, खार्किव, ओडेसा, सुमी और कीव जैसे शहरों के लिए खास मदद पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा, यह जरूरी है कि हमारे साझेदार हमारी बात सुन रहे हैं।