
Israel Hamas Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमास के पूर्ण निःशस्त्रीकरण और गाजा पट्टी से इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर समझौते का दावा किया था। इसके बावजूद रविवार को लगातार दूसरे दिन इजरायल ने गाजा पर बमबारी की। इजरायल की तरफ से किए गए इन हमलों में 5 फिलिस्तीनी लोग मारे गए हैं, जबकि कई लोग घायल हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इजरायली फाइटर जेट्स ने गाजा सिटी और मध्य गाजा पट्टी के दीर अल-बलाह में अलग-अलग एयरस्ट्राइक कीं। अधिकारियों ने बताया कि दीर अल-बलाह में अपार्टमेंट पर हुए हमले में दंपति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, वहीं उत्तरी गाजा सिटी में एक अपार्टमेंट पर हुए हमले में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गत गुरुवार को कहा था कि पिछले साल मिस्र की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम समझौते को लागू करने में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, क्योंकि हमास निरस्त्रीकरण पर सहमत हो गया है। इसके अगले ही दिन शुक्रवार को ट्रंप के बोर्ड ऑफ पीस ने समझौते को अंतिम रूप से लागू करने के लिए 15 बिंदुओं वाला रोडमैप जारी किया। हालांकि इस रोडमैप को अभी लागू नहीं किया गया है।
हमास ने स्पष्ट किया है कि वह निरस्त्रीकरण की दिशा में तभी कदम उठाएगा, जब इजरायल सैन्य अभियान रोकेगा। इसके अलावा पिछले साल हुए समझौते के अनुरूप अपनी सेना को वापस बुलाएगा। उधर, इजरायली अधिकारी ने साफ किया है कि जब तक हमास वास्तविक रूप से निरस्त्रीकरण नहीं करता, तब तक इजरायली सेना की वापसी का सवाल ही नहीं उठता।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अब तक इस पहल को लेकर सार्वजनिक रूप से किसी तरह की टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर ने इसे अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि इजरायल को हमास के नेताओं को निशाना बनाना जारी रखना चाहिए।
संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे 'फतह' के पूर्व वरिष्ठ नेता मोहम्मद दहलान ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा कि अमेरिका गाजा में हमले रोकने के लिए इजरायल के साथ काम कर रहा है। इसकी जानकारी जारेड कुशनर के हवाले से उन्होंने दी।