विदेश

बिना खून-खराबे, पैसा खर्च किए हल हो जाएगा Greenland विवाद, जादूगर ने ट्रंप को बताया फॉर्मूला

Trump Greenland controversy: एक ब्रिटिश जादूगर ने ग्रीनलैंड विवाद को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के सामने एक प्रस्ताव रखा है। जादूगर का कहना है कि यदि ट्रंप उसे स्वीकारते हैं, तो विवाद का शांतिपूर्ण हल हो सकता है।
3 min read
Jan 09, 2026
Uri Geller offers island to Trump
मशहूर जादूगर ने ट्रंप के सामने एक प्रस्ताव रखा है। (PC:AI)

Trump Greenland plan: पूरी दुनिया की निगाह इस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले कदम पर है। ट्रंप ग्रीनलैंड पर कब्जा करना चाहते हैं और इसके लिए सैन्य कार्रवाई से भी नहीं चूकेंगे। फिलहाल वह दूसरे रास्ते तलाश रहे हैं, यदि बात नहीं बनी तो अमेरिकी सेना डेनमार्क के इस अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र पर अपना कब्जा जमा सकती है। वेनेजुएला पर भी ट्रंप ने अचानक हमला बोलकर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अगवा कर लिया था। डेनमार्क NATO का सहयोगी देश है और उस पर हमले की सूरत में अमेरिका को कड़ा विरोध झेलना पड़ सकता है। इस बीच, एक ब्रिटिश जादूगर ने डोनाल्ड ट्रंप के सामने एक प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा है कि ग्रीनलैंड विवाद आसानी से सुलझाया जा सकता है।

रहस्यमयी शक्तियों से सुरक्षित

डेली स्टार यूके की रिपोर्ट के अनुसार, मशहूर जादूगर यूरी गेलर ( Uri Geller) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ग्रीनलैंड विवाद का शांतिपूर्ण हल निकालने का फॉर्मूला सुझाया है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नॉर्थ बेरविक तट के पास उनका एक छोटा सा द्वीप लेकर उसे अमेरिका का 51वां राज्य बनाने और उसे मिलिट्री बेस के तौर पर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया है। यूरी गेलर का कहना है कि अगर ट्रंप इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो ग्रीनलैंड विवाद शांति से सुलझ जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उनका आइलैंड रहस्यमयी शक्तियों से सुरक्षित है और उनकी मदद से अमेरिका को हर काम पर सफलता मिलेगी।

Greenland से है रिश्ता

एक सोशल मीडिया पोस्ट में यूरी गेलर ने कहा है कि मेरे लैम्ब (The Lamb)आइलैंड को सुपरनैचुरल शक्तियों का आशीर्वाद प्राप्त है। करीब अठारह साल पहले जब मैंने यह आइलैंड खरीदा था, तो मुझे पता था कि मैं इसे क्यों खरीद रहा हूं। अमेरिका को ग्रीनलैंड की जरूरत है, ग्रीनलैंड में कुछ है। अगर मैं आपको अभी बताऊं कि ग्रीनलैंड में क्या है तो आप हैरान रह जाएंगे। अमेरिका ही नहीं, पूरी दुनिया को ग्रीनलैंड चाहिए। केवल डोनाल्ड ट्रंप और कुछ लोग ही जानते हैं कि वहां क्या है। ग्रीनलैंड में कुछ ऐसा है जिसका मेरे लैम्ब आइलैंड से लेनादेना है। इसीलिए मैं अपना आइलैंड डोनाल्ड ट्रंप को ऑफर कर रहा हूं।

चीन से लड़ाई में मिलेगी मदद

जादूगर ने कहा कि मैं ग्रीनलैंड की समस्या हल कर सकता हूं। ट्रंप मेरे आइलैंड को अमेरिका का 51वां राज्य बना सकते हैं और वहां मिलिट्री बेस स्थापित कर सकते हैं। अगर चीन के साथ लड़ाई होती भी है, तो रहस्यमयी शक्तियां अमेरिका की मदद करेंगी। मैं भी उसकी सहायता के लिए वहां पहुंच जाऊंगा। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीनलैंड के लोग भी लैम्ब के नागरिक बन सकते हैं, इससे डेनमार्क की चिंता भी खत्म हो जाएगी। यूरी गेलर ने 2009 में यह आइलैंड करीब 40,220 डॉलर में खरीदा था। उनका मानना था कि प्राचीन मिस्र और इस आइलैंड के बीच कोई संबंध है। यूरी गेलर ने द लैम्ब को एक माइक्रोनेशन घोषित किया था, जिसका अपना राष्ट्रगान था और वह एक डॉलर में नागरिकता दे रहे थे।

मिलिट्री बेस के लिए आदर्श

यूरी गेलर का कहना है कि इस आइलैंड की सबसे खास बात यह है कि यहां कोई नहीं रहता, इसके आसपास कोई चट्टान आदि भी नहीं है। यहां तक पहुंचना किसी के लिए आसान नहीं, इसलिए इसे मिलिट्री बेस के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। 79 वर्षीय माइंड रीडर और जादूगर गेलर का यह आइलैंड स्कॉटलैंड के पूर्वी तट पर स्थित है। बता दें कि डेनमार्क और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच एक रक्षा समझौते के तहत ग्रीनलैंड में यूएस का Pituffic बेस है। अमेरिकी सलाहकारों का मानना है कि इसे मजबूत करने के लिए ग्रीनलैंड का अमेरिका के पास आना जरूरी है। इसी के आधार पर यूरी गेलर ने अपना आइलैंड ऑफर करते हुए वहां मिलिट्री बेस बनाने का प्रस्ताव अमेरिका को दिया है। उनका मानना है कि अगर यूएस इसके लिए तैयार हो जाता है कि तो बिना किसी खून-खराबे या पैसा खर्च किए ग्रीनलैंड विवाद निपटाया जा सकता है।

Updated on:
09 Jan 2026 04:35 pm
Published on:
09 Jan 2026 04:28 pm