विदेश

ईरान युद्ध पर डोनाल्ड ट्रंप बोले- तेहरान में कोई राष्ट्रपति बनने को तैयार नहीं, मिडटर्म के बाद खत्म होगी जंग

US-Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर एक बार फिर दावा किया है कि संघर्ष अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के तुरंत बाद खत्म हो सकता है। ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि ईरान में बातचीत के लिए किससे संपर्क किया जाए।
2 min read
• •
Oct 03, 2026
Donald Trump
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो- ANI)

Donald Trump on Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। अलाबामा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध आगामी मिडटर्म चुनाव के बाद समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि संघर्ष समाप्त होते ही तेल की कीमतों में तेजी से गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में राजनीतिक नेतृत्व पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि तेहरान में कोई भी राष्ट्रपति बनने को तैयार नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कूटनीतिक बातचीत के लिए किससे संपर्क किया जाए।

ईरान में बात करने वाला कोई नहीं: डोनाल्ड ट्रंप

ईरान से संभावित को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यह हमारी समस्या का एक बड़ा हिस्सा है। मुझे समझ नहीं आता कि आखिर वहां किससे बात की जाए? वहां कोई है ही नहीं जिससे निपटा जा सके। कोई भी व्यक्ति राष्ट्रपति नहीं बनना चाहता। अगर आप पूछें कि ईरान में मुझे किससे बात करनी चाहिए?' तो जवाब है कि आसपास कोई नहीं है।"

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया हुई, लेकिन वहां कोई भी राष्ट्रपति बनने के लिए तैयार नहीं है।

तेल की कीमतों पर ट्रंप का दावा

ट्रंप ने कहा कि ईरान से युद्ध बहुत जल्द खत्म होने जा रहा है, उम्मीद है कि यह चुनाव के ठीक बाद समाप्त हो जाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह जंग खत्म होगी अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें धड़ाम से नीचे गिरेंगी। उन्होंने कहा, "तेल की कीमतों को याद रखिए। जनता अभी इसकी कीमत चुका रही है, लेकिन सोचिए यह उस कीमत से बहुत छोटी है जो हमें तब चुकानी पड़ती जब इनको परमाणु हथियार हासिल करने दिया जाता और वे इसका इस्तेमाल अमेरिका पर कर देते। यह युद्ध किसी न किसी तरह बहुत जल्द खत्म होकर रहेगा।"

अमेरिका के सुनहरे दौर का दावा

अप्रूवल रेटिंग में गिरावट के बावजूद ट्रंप ने एक बार फिर मौजूदा दौर को अमेरिकी इतिहास का सुनहरा दौर बताया। उन्होंने कहा, "यह गोल्डन एज है। हमारा देश अब पहले से कहीं बेहतर स्थिति में काम कर रहा है।"

Updated on:
03 Oct 2026 06:42 am
Published on:
03 Oct 2026 06:42 am