Donald Trump on Pete Hegseth: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई के लिए सबसे पहले सलाह देने वाले व्यक्ति का नाम बताया। ट्रंप ने मेम्फिस राउंडटेबल में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और अन्य अधिकारियों के साथ मध्य-पूर्व की स्थिति और युद्ध की रणनीति पर चर्चा की।
Donald Trump on Iran War: अब तक कहा जा रहा था कि ईरान पर हमले के लिए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका को उकसाया है। लेकिन जंग लंबा खिचाने के बाद जहां वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट के चलते अमेरिका पर दबाव बढ़ता जा रहा है, वहीं डोनाल्ड ट्रंप की तरफ की लगातार बयान दिए जा रहे हैं। मध्य-पूर्व की मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस युद्ध के लिए सबसे पहले किसने सलाह दी, इसका उल्लेख उन्होंने बातों ही बातों में कर दिया है।
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टेनेसी के मेम्फिस में सेफ टास्क फोर्स राउंडटेबल में मीडिया के सामने बातचीत करते हुए स्पष्ट तौर पर कहा कि अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ही वे पहले शख्स थे, जिन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य हमलों की सलाह दी।
मीडिया के साथ बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, 'पीट, मुझे लगता है कि आप पहले थे जिन्होंने सबसे पहले इसको लेकर आवाज उठाई और कहा ‘आइए यह करें, क्योंकि आप उन्हें परमाणु हथियार नहीं रखने दे सकते।' राष्ट्रपति ट्रंप जब मीडिया के सामने यह बात कह रहे थे तब हेगसेथ मेम्फिस में राउंडटेबल पर ट्रम्प के बगल में बैठे थे। इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने रक्षामंत्री की खूब तारीफ की है।
ट्रंप ने कहा, मैंने पीट और जनरल केन को फोन किया। मैंने अपने कई ग्रेट लोगों को फोन किया और मैंने कहा-चलिए बात करते हैं। मिडिल-ईस्ट में हमारे सामने समस्या है। ईरान नाम का एक देश है, जो 47 साल से आतंक फैला रहा है और वो परमाणु बम बनाने के करीब है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी माना कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस युद्ध को लेकर उत्साहित नहीं थे। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से अमेरिका की कार्रवाई की आलोचना करने से हमेशा परहेज किया। फिलहाल पर्दे के पीछे की स्थिति बंटी हुई नजर आती है।
रिपोर्टों से पता चलता है कि बेंजामिन नेतन्याहू और मीडिया हस्ती रूपर्ट मर्डोक उन लोगों में शामिल थे, जो सैन्य कार्रवाई के समर्थन में थे, जबकि ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों द्वारा सावधानी बरतने का आग्रह किया था।
ईरान पर युद्ध के मतभेद के परिणाम भी सामने आ चुके है। अमेरिका के नेशनल काउंटर टेररिज्म सेंटर के डायरेक्टर जो केंट ने ईरान के खिलाफ युद्ध का विरोध करते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।