विदेश

भारत-अमेरिका की लॉन्ग-टर्म दोस्ती को लेकर डोनाल्ड ट्रंप हैं बहुत सकारात्मक, आईबीएम चेयरमैन-सीईओ अरविंद कृष्णा का खुलासा

India-US Long-Term Friendship: भारत-अमेरिका की लॉन्ग-टर्म दोस्ती को लेकर क्या है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना? आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:18 PM IST
PM Modi with Donald Trump
भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo - @narendramodi)

अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दूसरे कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंधों (India-US Relations) में कुछ हद तक गिरावट देखने को मिली। टैरिफ, रूसी तेल की खरीद पर सख्ती जैसे कुछ मुद्दों का असर दोनों देशों के संबंधों पर पड़ा। दोनों देशों के बीच ट्रेड डील में भी देरी हो रही है। हालांकि भारत ने हमेशा ही अमेरिका से मज़बूत संबंधों को प्राथमिकता दी है और ट्रंप ने भी कई मौकों पर दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इसी बीच अब टेक कंपनी आईबीएम (IBM) के चेयरमैन और सीईओ अरविंद कृष्णा (Arvind Krishna) ने भारत-अमेरिका की लॉन्ग-टर्म दोस्ती (India-US Long-Term Friendship) पर ट्रंप के रुख के बारे में बड़ा खुलासा किया है।

भारत-अमेरिका की लॉन्ग-टर्म दोस्ती को लेकर ट्रंप हैं बहुत सकारात्मक

एक राउंडटेबल के दौरान मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए अरविंद ने कहा कि ट्रंप भारत और अमेरिका के बीच लॉन्ग-टर्म दोस्ती को लेकर बहुत सकारात्मक हैं। अरविंद ने यह भी कहा कि ट्रंप को भारतीय प्रवासियों की उपलब्धियों पर भी पूरा भरोसा है। आईबीएम चेयरमैन-सीईओ के अनुसार ट्रंप हमेशा वैश्विक स्तर पर और अमेरिका में रहने वाले भारतीय प्रवासियों को लेकर बहुत सकारात्मक रहे हैं।

अत्यधिक कुशल भारतीय पेशेवरों का अमेरिका में हमेशा स्वागत

ट्रंप ने यह भी कहा है कि अत्यधिक कुशल भारतीय पेशेवरों का अमेरिका में हमेशा स्वागत है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कई बड़ी अमेरिकी कंपनियों में सीईओ के पद पर भारतीय काबिज़ हैं।

भारत को अमेरिका से मिला आश्वासन

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर दोनों पक्षों में बातचीत जारी है और जल्द ही इसे फाइनल किया जा सकता है। इस ट्रेड डील की ज़्यादातर शर्तों पर दोनों देशों में सहमति बन चुकी है। इसी बीच वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने रविवार को बताया कि भारत को अमेरिका से यह आश्वासन मिला है कि ट्रेड डील के तहत अमेरिकी बाजार में भारतीय सामानों को अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में बेहतर पहुंच मिलेगी। गोयल ने बताया कि यह सहमति पहले ही बन गई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और ट्रंप ने द्विपक्षीय व्यापार संबंधों को मज़बूत करने के लिए एक व्यापक ढांचे पर सहमति जताई थी। यह भी तय हुआ है कि अमेरिका में भारत को प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क के साथ बेहतर व्यापार पहुंच मिलेगी। भारत और अमेरिका ने फरवरी में ट्रेड डील के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। दोनों पक्षों का लक्ष्य आर्थिक संबंधों को गहरा करना और बाजार तक पहुंच का विस्तार करना है। दोनों पक्ष चालू वित्त वर्ष के अंत तक इस ट्रेड डील के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।