Russia-Ukraine War: लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध में एक काम होने से युद्ध में बड़ा मोड़ आ सकता है। क्या है वो जो युद्ध में एक बड़ा मोड़ ला सकता है? आइए जानते हैं।
24 फरवरी, 2022 को रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) के आदेश पर रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच युद्ध शुरू हो गया था। रूस की सेना ने यूक्रेन में घुसपैठ करते हुए जंग छेड़ दी थी। हालांकि जिस युद्ध को पुतिन कुछ दिन में ही खत्म कर देना चाहते थे, वो युद्ध 17 महीने से भी ज़्यादा समय से चल रहा है और एक हफ्ते में इसे 18 महीने पूरे हो जाएंगे। इस युद्ध की वजह से यूक्रेन को जान-माल का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। साथ ही यूक्रेन के कई शहरों में भारी तबाही मच चुकी है। पर सभी मुश्किलों के बावजूद भी यूक्रेन की सेना इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से डटकर रूस की सेना का सामना कर रही है और रूस की सेना के कुछ हमलों को रोकने के साथ खुद भी हमले कर रही है। हालांकि इस युद्ध में एक बड़ा मोड़ आ सकता है और वो भी सिर्फ एक डिलीवरी से।
किस डिलीवरी से आ सकता है युद्ध में बड़ा मोड़?
यूक्रेन काफी समय से इस युद्ध के लिए F-16 फाइटर जेट्स चाहता है। इन फाइटर जेट्स की मदद से न केवल यूक्रेन का डिफेंस मज़बूत होगा, बल्कि उसका ऑफेंस भी मज़बूत होगा और युद्ध में उसे काफी मदद मिलेगी। अमेरिका ने नाटो के सदस्य देशों को यूक्रेन को F-16 फाइटर जेट्स देने के लिए ग्रीन सिग्नल भी दे दिया है।
कब मिल सकते हैं यूक्रेन को F-16 फाइटर जेट्स?
हाल ही में यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा (Dmytro Kuleba) ने इस बारे में एक बड़ा अपडेट दिया है। कुलेबा ने बताया कि जैसे ही उनके देश के पायलट्स की F-16 फाइटर जेट्स को उड़ाने की ट्रेनिंग पूरी हो जाएगी, वैसे ही उनके देश में F-16 फाइटर जेट्स भी आ जाएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यूक्रेन के कई पायलट्स इस समय F-16 फाइटर जेट्स को उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे हैं।
कितना करना पड़ सकता है इंतज़ार?
रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन को F-16 फाइटर जेट्स पाने के लिए इस साल के अंत तक या अगले साल के शुरुआती समय का इंतज़ार करना पड़ेगा। यूक्रेनी पायलट्स को इन फाइटर जेट्स को उड़ाने के लिए ट्रेनिंग पूरी करने में समय लगेगा।
यह भी पढ़ें- नेपाल ने मांगी भारत और चीन से मदद, 100 किलो सोने की तस्करी का है मामला