अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना में एक रेस्टोरेंट पर गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं। घटना शनिवार रात 9:30 बजे अमेरिकन फिश कंपनी में हुई, जो विलमिंगटन से 20 मील दक्षिण में स्थित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमेरिका में नाव से रेस्टोरेंट पर अंधाधुंध फायरिंग हुई है। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, इस घातक हमले में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। गोलीबारी की घटना अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना में हुई है।
गोलीबारी शनिवार रात लगभग 9:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) अमेरिकन फिश कंपनी में हुई, जो विलमिंगटन से लगभग 20 मील दक्षिण में स्थित है। यह साउथपोर्ट यॉट बेसिन क्षेत्र में 150 यॉट बेसिन ड्राइव पर मौजूद एक लोकप्रिय पब और रेस्टोरेंट है।
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान सात लोगों को गोली लगी, जिनमें से तीन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य पीड़ितों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक उनकी स्थिति के बारे में विवरण जारी नहीं किया है।
सिटी मैनेजर नोआ साल्डो ने बताया कि एक नाव रेस्टोरेंट के पास रुकी और भीड़ पर गोलीबारी शुरू कर दी, फिर तेजी से निकल गई। उन्होंने आगे कहा कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है।
इस घटना के बाद नगर प्रशासन ने निवासियों से घर के अंदर रहने की सलाह दी है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत 911 पर सूचना देने का आग्रह किया है।
वहीं, ब्रंसविक काउंटी शेरिफ कार्यालय की ओर से कहा गया है कि वे इस स्थिति से निपटने में साउथपोर्ट पुलिस विभाग की सहायता कर रहे हैं।
इससे पहले, 24 सितंबर 2025 को टेक्सास के डलास स्थित एक डिटेंशन सेंटर में गोलीबारी हुई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हुए।
हमलावर ने पास की एक इमारत से गोलियां चलाईं और बाद में खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा, 27 अगस्त, 2025 को मिनेसोटा के एनाउन्समेंट कैथोलिक स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई थी. इसमें दो बच्चे मारे गए और 17 अन्य लोग घायल हुए। इस घटना ने पूरे अमेरिका में गहरा सदमा पहुंचाया।