Nigeria Floods: नाइजीरिया में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ के चलते मरने वालों का आंकड़ा 36 पहुंच गया है।
मौसम कब पलटी मार जाए, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। ऐसा ही कुछ नाइजीरिया (Nigeria) में हुआ और मौसम ने पलटी मार दी। बुधवार को देर रात नाइजीरिया के नाइजर (Niger) राज्य में कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हुई। इससे हड़कंप मच गया। लगातार मूसलाधार बारिश होने की वजह से नाइजर राज्य के मोक्वा (Mokwa) शहर में बाढ़ आ गई, जिससे हाहाकार मच गया और साथ ही लोगों की परेशानी भी।
नाइजीरिया के नाइजर राज्य के मोक्वा शहर में आई बाढ़ की वजह से पहले 21 लोगों की मौत का आंकड़ा सामने आया। बाद में यह आंकड़ा बढ़कर 25 हो गया और आज सुबह 11 और लोगों के शव मिलने से मरने वालों का आंकड़ा 36 हो गया। नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने इस बारे में जानकारी दी।
नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। बाढ़ के बाद अभी भी कई लोग लापता हैं। बचावकर्मियों की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने जानकारी देते हुए बताया कि बाढ़ की वजह से मोक्वा शहर में 50 से ज़्यादा घर तबाह हो गए। बचावकर्मियों ने ऐसे कई लोगों की जान भी बचाई, जिनके घर बाढ़ में तबाह हो गए।
नाइजीरिया में बारिश का मौसम 6 महीने रहता है, जिसकी अभी शुरुआत ही हुई है। वैज्ञानिकों और मौसम विभाग के अनुसार क्लाइमेट चेंज के चलते नाइजरिया में इस साल बारिश से जान-माल का काफी नुकसान हो सकता है।
यह भी पढ़ें- पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड सैफुल्लाह हुआ पाकिस्तान में रैली में शामिल, भारत के खिलाफ उगला जहर