
Israeli strike in Gaza: गाजा में एक बार फिर इजरायली सेना ने हमला किया है। इस हमले में 4 फिलिस्तीनी नागरिक मारे गए और 12 घायल हो गए। एम्बुलेंस और इमरजेंसी सर्विस के एक अधिकारी ने कहा कि गाजा शहर के उत्तर में स्थित तवाम इलाके में इजरायली सेना ने कम से कम एक फिलिस्तीनी की गोली मारकर हत्या कर दी।
अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा में स्थित नासिर अस्पताल ने बताया कि खान यूनिस के पास इजरायली सैनिकों की गोलीबारी में एक फिलिस्तीनी नागरिक घायल हुआ था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले एक अलग घटना में गाज़ा सिटी के पश्चिमी हिस्से में एक वाहन पर ड्रोन हमला हुआ। इसमें कम से कम एक व्यक्ति की जान गई। दक्षिणी गाजा के अल-मवासी इलाके में एक अस्थायी तंबू पर ड्रोन हमले में भी एक व्यक्ति मारा गया।
23 सितंबर को इजरायली सेना ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में एक लक्षित अभियान में हमास के वित्त विभाग के प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इज़रायल कात्ज ने कहा कि यह कार्रवाई इजरायली रक्षा बल (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) ने संयुक्त रूप से की। बयान में अबू अलवान को खान यूनिस में IDF द्वारा खत्म किए जाने की बात कही गई।
दोनों नेताओं ने इस "सटीक कार्रवाई" के लिए IDF और ISA की सराहना की और कहा कि दुश्मनों को नाकाम करने के लिए आक्रामक कदम जारी रहेंगे। इजरायली सरकार ने कहा कि हमास के नेतृत्व और उसके वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ अभियान तब तक बिना रुके चलता रहेगा, जब तक कि गाजा में हमास का अस्तित्व समाप्त नहीं हो जाता। उन्होंने कहा कि हमास के कमांडरों और सदस्यों की तलाश जारी रहेगी, उसके धन के स्रोतों को निशाना बनाया जाएगा और उसके आतंकी ढांचे को नष्ट किया जाएगा। साथ ही, हमास को दोबारा ताकत जुटाने नहीं दी जाएगी।