विदेश

ब्रिटेन के 10% अमीरों की जेब में गया भारत से लूटी गई संपत्ति का आधा हिस्सा

ब्रिटेन ने लंबे समय तक भारत पर शासन किया। इस दौरान उन्होंने भारत से काफी संपत्ति लूटी। यहाँ तक कि भारत से जाते समय भी ब्रिटेन ने भारत से काफी संपत्ति लूटी थी। अब इस बारे में एक बड़ा खुलासा हुआ है।

2 min read
Indian Jewellery

ब्रिटेन द्वारा भारत पर किए गए शासन के दौर को शायद ही कोई भूल सकता है। ब्रिटेन ने लंबे समय तक भारत पर शासन किया। एक समय पर भारत को 'सोने की चिड़िया' कहा जाता था, क्योंकि भारत काफी संपन्न देश था। पर ब्रिटेन के शासन के बाद भारत 'सोने की चिड़िया' नहीं रहा। इसकी वजह है ब्रिटेन का भारत में लूटपाट मचाना। ब्रिटेन ने जिस दौरान भारत पर शासन किया, उस दौरान भारत से काफी संपत्ति लूटी गई। इतना ही नहीं, जब ब्रिटेन ने भारत छोड़ा, तब भी भारत से काफी संपत्ति लूटी।

भारत से लूटी गई संपत्ति का आधा हिस्सा गया इन लोगों के पास..

ब्रिटिश शासन के दौरान भारत से करीब 64.82 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर्स की संपत्ति लूटी गई। इसमें से 33.8 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर्स की संपत्ति यानी कि करीब आधा हिस्सा ब्रिटेन के सबसे अमीर 10% लोगों की जेब में गया। यह राशि इतनी थी कि 50 ब्रिटिश पाउंड के नोटों के रूप में लंदन की सडक़ों पर चार परत बिछाई जा सकती थीं। यह खुलासा ऑक्सफैम इंटरनेशनल की वैश्विक असमानता रिपोर्ट में हुआ है। इसे दावोस में विश्व आर्थिक मंच की सालाना बैठक के पहले दिन सोमवार को जारी किया गया।

यह भी पढ़ें- Phalodi Satta Bazar ने की थी Donald Trump की जीत की भविष्यवाणी, आज ली दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ

ब्रिटिश बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ भारत की वजह से ही बनी

‘टेकर्स, नॉट मेकर्स’ शीर्षक वाली रिपोर्ट में कई अध्ययनों और शोध पत्रों का हवाला देते हुए कहा गया कि आधुनिक ब्रिटिश बहुराष्ट्रीय कंपनियाँ भारत से लूटी गई संपत्ति की देन हैं। उपनिवेशवाद के समय व्याप्त असमानता और लूट की विकृतियाँ आधुनिक जीवन को आकार दे रही हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ब्रिटेन में आज सबसे अमीर लोगों की बड़ी संख्या अपने परिवार की संपत्ति का श्रेय गुलामी और उपनिवेशवाद को देती है। ईस्ट इंडिया जैसी कंपनियों ने इसकी शुरुआत की थी, जो कई औपनिवेशिक अपराधों के लिए जिम्मेदार थीं। भारत में ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना में 2.60 लाख सैनिक थे। यह संख्या ब्रिटिश शांतिकालीन सेना से दुगुनी थी।

संरक्षणवाद से औद्यागिक क्षमता की गई कमजोर

रिपोर्ट में कहा गया कि भारतीय उपमहाद्वीप का 1750 में वैश्विक औद्योगिक उत्पादन में करीब 25% हिस्सा था। यह आंकड़ा 1900 तक तेजी से घटकर सिर्फ 2% रह गया। इस नाटकीय गिरावट के लिए एशियाई वस्त्रों के खिलाफ ब्रिटेन की सख्त संरक्षणवादी नीतियाँ जिम्मेदार थीं। इन नीतियों ने भारत की औद्योगिक विकास क्षमता को कमजोर कर दिया था।

यह भी पढ़ें- हमास ने किया 3 इज़रायली महिला बंधकों को रिहा

उपनिवेशवाद ने बनाई बेहद असमान दुनिया

ऑक्सफैम का कहना है कि उपनिवेशवाद ने बेहद असमान दुनिया बनाई। ऐसी दुनिया जो नस्लवाद के आधार पर विभाजित है। ऐसी दुनिया जो दक्षिण के देशों से व्यवस्थित रूप से धन निकालना जारी रखती है, ताकि उत्तर के देशों के सबसे अमीर लोगों को लाभ पहुंचाया जा सके। रिपोर्ट के मुताबिक बहुराष्ट्रीय कपंनियाँ अक्सर एकाधिकार की हालत में होती हैं। वो विश्व के दक्षिणी हिस्से में श्रमिकों, विशेष रूप से महिला श्रमिकों का शोषण जारी रखती हैं। श्रमिकों को प्रतिकूस कामकाजी हालात, सामूहिक सौदेबाजी के अधिकारों की कमी और न्यूनतम सामाजिक सुरक्षा का सामना करना पड़ता है।


Also Read
View All

अगली खबर