विदेश

पाकिस्तान में दिल दहला देने वाली घटना, बस से 9 यात्रियों को किया किडनैप और फिर गोलियों से भूना

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिली है। एक बस को रोककर कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने किडनैपिंग और मर्डर को अंजाम दिया।
2 min read
Jul 11, 2025
Gunmen
Gunmen (Representational Photo)

पाकिस्तान (Pakistan) में लचर कानून व्यवस्था के चलते अपराध बढ़ते ही जा रहे हैं। आए दिन पाकिस्तान के किसी न किसी प्रांत में आपराधिक घटनाएं देखने को मिलती हैं। पाकिस्तान का बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत पिछले कुछ सालों से इस तरह की घटनाओं के मामले में काफी आगे रहा है और प्रांत में चल रही अस्थिरता के चलते अक्सर ही इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं। गुरुवार को देर रात बलूचिस्तान में ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना घटित हुई है, जिसमें कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस में सवार यात्रियों को निशाना बनाया।

किडनैपिंग और मर्डर

गुरुवार को देर रात यात्रियों से भरी एक बस बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा (Quetta) शहर से पंजाब (Punjab) प्रांत के लाहौर (Lahore) जा रही थी। तभी कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने बस को रोक लिया। उन्होंने 9 यात्रियों को बस से उतारा और उन्हें किडनैप कर लिया। उसके बाद बंदूकधारियों ने उन 9 यात्रियों के पहचान पत्र देखे और सभी को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया।

पाकिस्तानी सेना से जुड़े थे सभी 9 लोग

घटना के बाद खुलासा हुआ है कि जिन 9 यात्रियों को अज्ञात बंदूकधारियों ने निशाना बनाया है, वो पाकिस्तानी सेना से जुड़े हुए थे। सभी 9 लोग पाकिस्तानी सेना की खुफिया एजेंसी में काम करने वाले एजेंट्स थे।


सोची समझी साजिश!

मामले की जांच शुरू हो गई है। लोकल पुलिस के अनुसार किडनैपिंग और मर्डर की यह घटना एक सोची समझी साजिश थी। बंदूकधारियों ने पहचान पत्र देखकर सिर्फ पाकिस्तानी सेना की खुफिया एजेंसी में काम करने वाले एजेंट्स को ही मारा।


भारत पर लगाया आरोप

बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकार ने इस घटना के लिए भारत पर आरोप लगाया है। बलूचिस्तान की प्रांतीय सरकार के अनुसार भारत समर्थित विद्रोहियों ने इस हमले को अंजाम दिया है। हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हुई है।

Updated on:
11 Jul 2025 11:59 am
Published on:
11 Jul 2025 09:55 am