
Aden International Airport: यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकारी बलों के बीच लड़ाई एक बार फिर तेज हो गई है। हूती बलों ने अदन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। एयरपोर्ट के रनवे के पास मिसाइल गिरने के बाद काहिरा से आने वाली फ्लाइट की लैंडिंग रद्द कर उसे जेद्दा डायवर्ट किया गया। इसी बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने रियाद के उत्तर में एक हूती बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने का दावा किया है।
अदन एयरपोर्ट पर यह हमला उस समय हुआ जब मिस्र की राजधानी काहिरा से एक यात्री विमान वहां लैंड करने वाला था। मिसाइल रनवे के बिल्कुल पास जाकर गिरी, जिसके बाद अधिकारियों ने फुर्ती दिखाते हुए विमान की लैंडिंग रद्द कर दी और उसे सऊदी अरब के जेद्दा शहर की तरफ डायवर्ट कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से अदन एयरपोर्ट के रनवे पर खड़े दो अन्य विमानों को भी तुरंत सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। अदन एयरपोर्ट यमन के उन गैर-हूती इलाकों के लिए दुनिया से जुड़ने का मुख्य जरिया है।
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार और सऊदी समर्थित गठबंधन सेना ने हाल ही में 'डॉन ऑफ यमन' नाम से एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत सरकारी बलों ने ताइज़ के रणनीतिक जबल हबाशी जिले की सबसे ऊंची पहाड़ी पर फिर से अपना कब्जा जमा लिया है।
इसके अलावा, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य और मोचा शहर के तटीय इलाकों से भी हूती विद्रोहियों को पीछे धकेल दिया गया है। अपनी खोई जमीनों पर सरकारी बलों के दोबारा कब्जे से बौखलाकर हूतियों ने ये हवाई हमले तेज किए हैं।
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि उनके समूह ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ अबहा एयरपोर्ट और खमिस मुशैत स्थित सैन्य एयरबेस को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। वहीं दूसरी तरफ, सऊदी गठबंधन ने पुष्टि की है कि उन्होंने सना से लॉन्च किए गए मिसाइल प्लेटफॉर्म को ट्रैक कर लिया है और खमिस मुशैत व रियाद की ओर आ रही मिसाइलों को वक्त रहते इंटरसेप्ट कर तबाह कर दिया।