विदेश

कैसे भारतीय शख्स को धोखा देकर रूसी सेना में जबरन कराया गया भर्ती? भारत सरकार ने पुतिन से कह दिया साफ-साफ…

हैदराबाद के मोहम्मद अहमद को रूसी सेना में जबरन भर्ती किया गया था। भारतीय दूतावास ने मामले में हस्तक्षेप कर रूस से अहमद की सुरक्षित वापसी की अपील की है। सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश सचिव के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। अहमद की पत्नी ने भी मदद की गुहार लगाई थी।
2 min read
Oct 17, 2025
Feature image
रूस की सेना में तैनात भारतीय शख्स अहमद। (फोटो- IANS)

यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के बीच कई बार ऐसी खबरें आई कि रूसी सेना में जबरन भारतीय लोगों को शामिल किया जा रहा है। कई भारतीय लोगों ने वीडियो रिलीज करके भारत सरकार से मदद की गुहार भी लगाई। इस बीच मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने मामले में हस्तक्षेप किया।

भारतीय दूतावास ने पुतिन सरकार से अनुरोध किया है कि वह हैदराबाद के मोहम्मद अहमद को रूसी सेना से शीघ्र मुक्त कराकर सुरक्षित भारत वापस लाए।

एआईएमआईएम अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था, जिसके बाद भारतीय दूतावास ने इस मुद्दे को उठाया।

भारतीय युवक को किया गया मजबूर

हैदराबाद के खैरताबाद निवासी 37 साल के अहमद को एक नौकरी एजेंट द्वारा धोखा दिए जाने के बाद यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया था। अहमद ने रूस से ही एक वीडियो मैसेज जारी कर मदद की गुहार लगाई थी।

नौकरी के लिए रूस गया था अहमद

इसके बाद अहमद के परिवार ने सांसद से अपील की। अहमद की पत्नी अफशा बेगम ने बताया कि वह नौकरी के लिए रूस गए थे, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें सेना के साथ किसी सुदूर इलाके में जबरन भेज दिया गया और हथियार चलाने का प्रशिक्षण देने के बाद सीमा पर भेज दिया गया।

सांसद ने विदेश सचिव से इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और अहमद को जल्द से जल्द रूस से वापस लाने के आदेश जारी करने का आग्रह किया।

रूसी सेना जल्द रिहा करने की अपील

रूस में भारतीय दूतावास के एक अधिकारी ने हैदराबाद के सांसद ओवैसी को लिखा कि दूतावास ने अहमद के बारे में रूसी अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की और रूसी सेना से उनकी शीघ्र रिहाई और सुरक्षित भारत वापसी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के काउंसलर ताडू मामू ने लिखा कि दूतावास रूसी सेना में भारतीय नागरिकों के सभी मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर नजर रख रहा है। दूतावास मोहम्मद अहमद के बारे में किसी भी नई जानकारी से परिवार को अवगत कराता रहेगा।

Published on:
17 Oct 2025 02:22 pm