
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क (Elon Musk) के पिता एरोल मस्क (Errol Musk) इस समय भारत (India) की यात्रा पर हैं। वह काफी समय से भारत आना चाहते हैं और अब आखिर उनकी यह इच्छा पूरी हो गई है। इस यात्रा के दौरान एरोल, भारत, यहाँ की संस्कृति और सनातन धर्म से काफी प्रभावित हैं और दिल खोलकर सभी की तारीफ करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। सोमवार को सनातन धर्म की तारीफ करते हुए एरोल ने इसे विश्व शांति और कल्याण का मार्ग बताया। एरोल ने प्राचीन भारतीय विरासत और आध्यात्मिक विरासत के प्रति अपने आकर्षण के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने भारत की संस्कृति के साथ-साथ भारत की अर्थव्यवस्था तक की जमकर तारीफ की। एरोल ने अपने बेटे एलन को भी भारत यात्रा करने की सलाह दी।
सनातन धर्म की तारीफ करते हुए एरोल ने कहा, "भगवान शिव परम रक्षक हैं। मुझे लगता है कि अगर पूरी दुनिया भगवान शिव का अनुसरण करे, तो सब ठीक हो जाएगा। मैं कोई विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन मैं इससे मोहित हूं। सनातन धर्म इतना प्राचीन है कि यह मुझे हैरान कर देता है। यह हमें बताता है कि दुनिया में कितना कुछ है लेकिन हम वास्तव में कितना कम जानते हैं। भगवान शिव सभी सांसारिक बीमारियों के समाधान हैं।"
सनातन धर्म की तारीफ करते हुए एरोल ने अयोध्या में राम मंदिर जाने की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह भारत यात्रा के दौरान भगवान राम के मंदिर जाकर दर्शन करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान को दिया बड़ा झटका, इस शहर पर किया कब्ज़ा..
एरोल ने भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "भारत एक स्लीपिंग जायंट है, इसमें कोई संदेह नहीं है। अब भारत की जीडीपी दुनिया में चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, यह बिल्कुल अविश्वसनीय है। भारत एक विश्व शक्ति है। मैं इसके अलावा और क्या कह सकता हूं, यह शानदार है। मैं आपको बताता हूं कि यह शानदार क्यों है, क्योंकि मुझे लगता है कि भारतीय लोग बहुत प्यार करने वाले लोग हैं। वो आक्रामक, मतलबी लोग नहीं हैं। वो ऐसे लोग हैं जो किसी व्यक्ति को गले लगाते हैं। इसलिए हम ऐसे लोगों को एक महत्वपूर्ण वैश्विक शक्ति बनने की स्थिति में देखना चाहते हैं।"
भारत की संस्कृति, विरासत और आध्यात्मिकता पर एरोल ने कहा, "दुनिया का इतिहास वास्तव में किसी बिंदु पर भारत से जुड़ा हुआ है। हम जानते हैं कि भारत में वेद और इसी तरह के अन्य ग्रंथ हैं जो 14,000 साल पुराने हैं, और शायद उससे भी पहले के हैं। कुछ वेदों में उड़ने वाले वाहनों के बारे में भी बताया गया है। मैंने एक किताब लिखी है जिसमें बहुत सारी कहानियां हैं जिनमें भारत, कश्मीर, दिल्ली आदि के बारे में जानकारी शामिल है।"
यह भी पढ़ें-भारत से तनाव के बीच बढ़ी पाकिस्तान की मुश्किल, बॉर्डर पर तालिबान ने फिर शुरू किए हमले