विदेश

हिंद महासागर में चीन की बढ़ती चुनौती के बीच भारत ने 6 देशों को दिया सुरक्षा का भरोसा

Ajit Doval Maldives Visit: हिंद महासागर में चीन की बढ़ती गतिविधियों के बीच NSA अजीत डोभाल ने 6 देशों को सुरक्षा सहयोग का भरोसा दिया।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:21 PM IST
Ajit Doval Colombo Security Conclave
अजीत डोभाल कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की बैठक में बोलते हुए (फोटो-IANS)

CSC Meeting 2026: हिंद महासागर में चीन की बढ़ती दखलअंदाजी और गंभीर सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत ने अपने पड़ोसी देशों को साथ लेकर चलने का भरोसा दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने बुधवार को कहा कि भारत कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (CSC) के सदस्य देशों के साथ मिलकर हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत हर जरूरी मदद और सहायता देने की कोशिश करेगा।

6 देश मिलकर करेंगे सुरक्षा की कोशिश

डोभाल मालदीव की राजधानी माले में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) की बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं। इसमें भारत, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका, बांग्लादेश और सेशेल्स शामिल हैं। डोभाल ने कहा कि भारत इस संगठन के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने और उनकी सामूहिक सुरक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साझा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भारत हर जरूरी सहायता देने की कोशिश करेगा।

चीन की गतिविधियों के बीच अहम हुई बैठक

हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव और उसकी आक्रामक गतिविधियों को लेकर भारत समेत कई देश चिंतित हैं। ऐसे में डोभाल ने समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और आर्थिक तरक्की के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर के तटीय देश एक ही समुद्री क्षेत्र साझा करते हैं साथ ही इन देशों की सभ्यताएं भी एक दूसरे से जुड़ी हैं। ऐसे में समुद्र देशों को बांटने के बजाय जोड़ने का माध्यम बने रहना चाहिए।

2020 में हुई थी संगठन की शुरुआत

डोभाल ने बताया कि नवंबर 2020 में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की शुरुआत हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने के साझा उद्देश्य से हुई थी। अब इसका अपना सचिवालय और महासचिव भी है। संगठन के तहत समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ पर रोक, तस्करी, साइबर सुरक्षा, जरूरी ढांचे की सुरक्षा और आपदा के समय राहत जैसे पांच प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग किया जाता है।

भारत में भी होगी अहम बैठक

इसी बीच भारत गुरुवार को इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA) की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की मेजबानी करेगा। इसमें 23 सदस्य देशों और 12 संवाद साझेदारों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। भारत की 2025-27 की अध्यक्षता का विषय हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और बदलती परिस्थितियों के अनुसार ढलने की क्षमता है। बैठक में क्षेत्रीय सहयोग और नए साझेदारी क्षेत्रों पर चर्चा होगी।

Updated on:
25 Nov 2026, 10:21 PM IST
Published on: