
US Tariffs on Indian Products: भारत ने अमेरिका के औद्योगिक और व्यापार नीतियोंकी वजह से जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बन रही वाले आरोपों को खारिज किया है। सरकार का कहना है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक रूप से अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी) नहीं है। साथ ही कहा कि अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जारी किए गए नोटिस की भी जांच की जा रही है।
इस संंबंध में भारत सरकार की तरफ से केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से बयान जारी किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि भारत ने अमेरिकी व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत USTR की ओर से जारी निर्धारण नोटिस और टिप्पणियां मांगे जाने संबंधी प्रक्रिया का संज्ञान लिया है।
मंत्रालय के मुताबिक, इस मामले की फिलहाल समीक्षा की जा रही है। भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान रचनात्मक तरीके से अपना पक्ष रखा है।
बयान में भारत ने कहा कि व्यापार से जुड़े मुद्दों का समाधान भारत-अमेरिका के बीच जारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की बातचीत के तहत किया जाना चाहिए। सरकार ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। मंत्रालय ने 2 फरवरी को घोषित रूपरेखा और 7 फरवरी को जारी संयुक्त बयान का भी जिक्र किया।
बता दें कि बुधवार को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने 189 पन्नों की रिपोर्ट जारी की। इसमें भारत सहित 14 देशों की विनिर्माण क्षमता और संबंधित सरकारी नीतियों की समीक्षा की गई है।
रिपोर्ट में भारत की प्रमुख विनिर्माण योजनाओं- मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना- को विशेष रूप से निशाने पर लिया गया है।
अमेरिकी रिपोर्ट का आरोप है कि भारत की नीतियों का उद्देश्य घरेलू बाजार की वास्तविक मांग से अधिक उत्पादन क्षमता विकसित करना है। USTR ने भारत की विनिर्माण नीतियों और गतिविधियों को अनुचित बताते हुए कहा है कि इनसे अमेरिकी वाणिज्यिक हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, मेक इन इंडिया के तहत विनिर्माण क्षेत्र की हिस्सेदारी देश की GDP में बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए 2025 के मूल्य स्तर पर करीब 500 अरब डॉलर के अतिरिक्त उत्पादन की जरूरत होगी।
हालांकि, भारत ने जांच के दौरान इन आरोपों को खारिज किया है। भारत का कहना है कि विनिर्माण क्षमता का विस्तार घरेलू मांग पूरी करने और महत्वपूर्ण उत्पादों के लिए कुछ देशों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने धारा 301 के तहत की गई जांच में भारतीय उत्पादों पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार यदि भारत अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करता है तो प्रस्तावित टैरिफ की दर घटाकर 17 प्रतिशत की जा सकती है।
रिपोर्ट में स्टील, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य क्षेत्र और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा भारत के श्रम कानूनों, बाजार तक पहुंच से जुड़ी बाधाओं और चीन से बढ़ते कच्चे माल एवं अन्य इनपुट के आयात पर भी सवाल उठाए गए हैं।
हालांकि, प्रस्तावित टैरिफ से कुछ दवाओं को छूट देने की बात कही गई है। इनमें खुराक के रूप में उपलब्ध जेनेरिक दवाएं, दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सैकड़ों औषधीय घटक और पेटेंट वाली दवाएं शामिल हैं।
USTR ने प्रस्तावित टैरिफ पर लिखित टिप्पणियां जमा करने की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 तय की है। वहीं, इस मामले में सुनवाई 25 जनवरी 2027 से शुरू होने वाली है।
बता दें कि फरवरी 2025 से भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है। दोनों देशों ने फरवरी में अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा घोषित की थी। इसके तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों की एक बड़ी श्रेणी पर 18 प्रतिशत पारस्परिक टैरिफ की बात कही थी।