विदेश

6 साल के तेगबीर ने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर लहरा दिया तिरंगा, जानिए कितने दिनों में पूरा किया सफर

पंजाब के छह साल के बच्चे तेगबीर सिंह ने वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है। उसने यूरोप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर भारतीय तिरंगा लहराया है। तेगबीर ने 8 दिनों की ट्रेकिंग के बाद फतह हासिल की।
less than 1 minute read
Jul 01, 2025
Tegbir climbed Mount Elbrus (Photo: X)
Tegbir climbed Mount Elbrus (Photo: X)

पंजाब के छह साल के बच्चे तेगबीर सिंह (Tegbir Singh) ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उसने रूस के माउंट एल्ब्रस पर 18,510 फुट से ज्यादा ऊंची चोटी को फतह किया। तेगबीर ने 20 जून को चढ़ाई शुरू की थी और 28 जून को चोटी पर तिरंगा लहरा दिया। छह साल और नौ महीने का तेगबीर माउंट एल्ब्रस फतह करने वाला दुनिया के सबसे कम उम्र का पर्वतारोही बन गया है। वह रोपड़ के पब्लिक स्कूल का दूसरी कक्षा का छात्र है।

माउंट एल्ब्रस कम ऑक्सीजन वाला क्षेत्र है। वहां का सामान्य तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहता है। इसके अलावा चढ़ाई के दौरान कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। रूस के पर्वतारोहण, रॉक क्लाइम्बिंग और स्पोट्र्स टूरिज्म फेडरेशन ऑफ काबर्डिनो बाल्केरियन रिपब्लिक ने तेगबीर को प्रमाणपत्र जारी किया।

कुशाग्र का रिकॉर्ड तोड़ा

तेगबीर ने महाराष्ट्र के कुशाग्र का रिकॉर्ड तोड़ा, कुशाग्र साल 2024 में सात साल और तीन महीने की उम्र में माउंट एल्ब्रस की चोटी पर पहुंचा था। अगस्त 2024 में तेगबीर माउंट किलिमंजारो (अफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी) पर चढऩे वाला सबसे कम उम्र का एशियाई बना था। वह अप्रेल 2024 में माउंट एवरेस्ट बेस कैंप (नेपाल) भी पहुंचा था।

चोटी फतह करने के बाद तेगबीर सिंह ने कहा, मुझे पता था कि कहां पहुंचना है। आखिरकार पहुंच गया। वहां अपने पिता के साथ तस्वीर खिंचवाई। मैं पहली बार बर्फ पर चल रहा था। तेगबीर के पिता सुखिंदरदीप सिंह ने बताया कि तेगबीर ने इस उपलब्धि के लिए एक साल पहले तैयारी शुरू कर दी थी।

Updated on:
01 Jul 2025 07:08 am
Published on:
01 Jul 2025 07:08 am