इंडोनेशिया में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला के पति ने उसे गैर मर्द के साथ संबंध बनाते हुए पकड़ लिया। पति ने उसकी शिकायत करते हुए शरिया कानून तोड़ने का आरोप लगाया, जिसके बाद महिला को बीच बाजार सफेद कपड़े पहनाकर 150 कोड़े मारे गए। जिस पुरूष के साथ महिला ने संबंध बनाए थे, उसे भी कोड़े मारे गए।

नई दिल्ली।
शरिया कानून तोड़ने पर एक महिला को लोगों के सामने बीच बाजार में पीटा गया। उस पर 150 कोड़े बरसाए गए। उस पर आरोप है कि उसने गैर मर्द के साथ संबंध बनाए।
यह घटना इंडोनेशिया के आचेह शहर की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला के पति ने उसे किसी और मर्द के साथ पकड़ लिया और महिला पर शरिया कानून के तहत प्रीमैरिटल अफेयर का इल्जाम लगा दिया इसके बाद उसे सजा का ऐलान किया गया। महिला पर लोगों की मौजूदगी में इतने चाबुक बरसाए गए कि वह बेहोश हो गई।
इतना ही नहीं जिस समय महिला को कोड़े बरसाए जा रहे थे, उस समय महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन सजा पूरी होने तक उसे मारा गया। आश्चर्य की बात यह है कि यह सब कुछ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। यह भी बताया गया कि महिला के पार्टनर पर कोड़े भी बरसाए गए। सजा से पहले महिला को सफेद रंग की ड्रेस भी पहनाई गई थी।
बता दें कि इंडोनेशिया के आचेह प्रांत में आज भी शरिया कानून का पालन होता है। इस कानून में गैर मर्द से संबंध बनाने और समलैंगिकता के लिए क्रूर सजा का प्रावधान है। समलैंगिकता के दोषी पाए जाने पर सार्वजनिक रूप से 150 कोड़े मारे जाते हैं। कई बार लोग सजा पूरी होने से पहले ही अस्पताल पहुंच जाते हैं।
हालांकि कई बार इसके खिलाफ आवाज भी उठाई गईं। जानकारी के मुताबिक 2018 में स्थानीय सरकार ने कहा था कि वो सार्वजनिक तौर पर सजा की प्रथा को खत्म कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। फिलहाल इस महिला को भी सजा का सामना करना पड़ा।