विदेश

US Israel Iran War: F-35 स्टील्थ अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया? ईरान का सनसनीखेज दावा

Iran on F-35 Stealth Fighter Jet: ईरान का बड़ा दावा, अमेरिका के सबसे ताकतवर F-35 स्टील्थ फाइटर जेट को मार गिराया। क्या सच में अमेरिकी तकनीक ईरानी एयर डिफेंस के सामने फेल हो गई? जानिए इस खबर की पूरी सच्चाई, अमेरिका की सफाई और मध्य-पूर्व में युद्ध के ताजा हालात की विस्तृत रिपोर्ट।
2 min read
Mar 20, 2026
US F-35 Stealth Fighter Jet
अमेरिका का फाइटर जेट। (फाइल फोटो- IANS)

Iran Claims US F-35 Stealth Fighter Jet Down: ईरान पर 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद से मध्य-पूर्व के हालात विस्फोटक बने हुए हैं। इस युद्ध के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) ने एक सनसनीखेज दावा किया है। ईरान का कहना है कि उसने मध्य ईरान के हवाई क्षेत्र में अमेरिकी वायुसेना के अत्याधुनिक पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट, F-35 लाइटनिंग-2 को मार गिराया है। यदि यह दावा सच साबित होता है, तो यह आधुनिक हवाई युद्ध के इतिहास में एक बड़ी घटना होगी।

IRGC का ऑपरेशन और उन्नत एयर डिफेंस

IRGC की आधिकारिक समाचार वेबसाइट के अनुसार, यह कार्रवाई स्थानीय समयानुसार तड़के 2:50 बजे की गई। ईरान के उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी विमान को उस समय निशाना बनाया जब वह उनके हवाई क्षेत्र में मौजूद था। हालांकि, फाइटर जेट के मलबे या उसकी वर्तमान स्थिति को लेकर अभी पूरी स्पष्टता नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह सफलता ईरान को तब मिली है जब उसने पहले ही 125 से अधिक अमेरिका-इजरायल ड्रोनों को मार गिराने का दावा किया था। ईरान अपनी मिसाइल शक्ति और सस्ते ड्रोन के दम पर इस युद्ध में अमेरिका और इजरायल जैसी ताकतों को लगातार चुनौती दे रहा है।

अमेरिका ने कहा, 'आपातकालीन लैंडिंग'

ईरान के इन दावों को अमेरिका ने सिरे से खारिज किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कैप्टन टिम हॉकिंस के हवाले से आई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि F-35 फाइटर जेट एक ऑपरेशनल मिशन पर था। उड़ान के दौरान कुछ तकनीकी खराबी या आपात स्थिति उत्पन्न हुई, जिसके कारण पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि विमान सुरक्षित लैंड कर चुका है और पायलट पूरी तरह ठीक है। वर्तमान में इस तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि एक F-35 की कीमत 100 मिलियन डॉलर से अधिक है और इसे दुनिया का सबसे सुरक्षित और स्टील्थ विमान माना जाता है।

निर्णायक जीत का दावा और हालिया हादसे

एक तरफ जहां ईरान अपनी रक्षा प्रणाली की तारीफ कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि अमेरिका इस युद्ध में निर्णायक जीत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हमलों ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को भारी नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, अमेरिका के लिए पिछला सप्ताह चुनौतीपूर्ण रहा है। इराक में एक अमेरिकी केसी-135 स्ट्रैंटोटैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें छह सैन्य कर्मियों की जान चली गई थी। इस हादसे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

Updated on:
20 Mar 2026 12:03 pm
Published on:
20 Mar 2026 11:54 am