विदेश

‘एक कण भी बाहर नहीं जाएगा’: ईरान ने साफ किया, परमाणु भंडार विदेश भेजने का सवाल ही नहीं

ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने कहा कि संवर्धित परमाणु सामग्री विदेश नहीं भेजी जाएगी। अमेरिका से बातचीत फिलहाल नहीं, सात शर्तों पर जवाब का इंतजार है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 9:31 PM IST
Iran warning
ईरान के सुरक्षा प्रमुख रेजाई का अमेरिका को कड़ा संदेश, Photo Source@ANI

ईरानी समाचार एजेंसी ISNA के अनुसार, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव, मेजर जनरल मोहसेन रेजाई ने देश की संवर्धित (एनरिच्ड) परमाणु सामग्री को विदेश भेजने की संभावना को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि तेहरान अपने पास मौजूद पूरे भंडार को अपने पास ही रखेगा और इसका इस्तेमाल घरेलू कार्यों के लिए करेगा।

बुधवार को लेबनान स्थित 'अल-मायादीन' नेटवर्क को दिए एक साक्षात्कार में, रेज़ाई ने कहा कि ईरान फिलहाल अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि ईरान आगे किसी भी राजनयिक बातचीत के लिए अपनी सात शर्तें रख चुका है और अब वाशिंगटन से इन पर स्पष्ट जवाब का इंतजार कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि, संवर्धित सामग्री का एक भी कण, चाहे वह कितना भी छोटा क्यों न हो, ईरान से बाहर नहीं जाएगा। यह पूरी सामग्री हमारे ही कब्जे में रहेगी।

एक कण भी बाहर नहीं जाएगा

रेजाई ने कहा कि, 'हम ईरान से संवर्धित सामग्री का एक भी कण बाहर नहीं जाने देंगे। उन्होंने आगे कहा, हमने अपने रूसी दोस्तों को भी बता दिया है कि सारी संवर्धित सामग्री ईरान के भीतर ही रहेगी और हम खुद इसका इस्तेमाल करेंगे, क्योंकि हमारे पास इसके कई उपयोग हैं।
ISNA के अनुसार, रेजाई ने कहा कि ईरान ने अमेरिका के सामने सात शर्तें रखी हैं और वह वाशिंगटन से स्पष्ट जवाब का इंतजार कर रहा है। साथ ही, उन्होंने दोनों देशों के बीच बातचीत चलने की खबरों को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, इस संबंध में अमेरिकियों की ओर से हमें जो जवाब मिला, वह 'धोखाधड़ी' भरा था और उसमें काफी अस्पष्टता और भ्रम था।

अमेरिका से कोई बातचीत नहीं

रेज़ाई ने आगे कहा,"हमने उनसे अपनी शर्तों पर स्पष्ट और बिना किसी भ्रम वाला जवाब देने को कहा था, लेकिन अब तक उन्होंने ऐसा कोई जवाब नहीं दिया है; हालांकि, हो सकता है कि वे भविष्य में ऐसा जवाब दें।"

उन्होंने ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच संभावित मुलाकातों की खबरों को भी खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि फिलहाल दोनों देशों के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा, "फिलहाल हम अमेरिकियों के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहे हैं, और अमेरिका तथा हमारे बीच कोई बातचीत नहीं चल रही है।

रेजाई ने आगे कहा, "हमने अपनी सात शर्तें रखी हैं और अमेरिका की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं, लेकिन हमारी राय में उनकी शुरुआती प्रतिक्रिया पर्याप्त नहीं थी। बातचीत को होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़) की स्थिति से जोड़ते हुए, रेज़ाई ने कहा कि जब तक ईरान की शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक वह इस रणनीतिक जलमार्ग को फिर से नहीं खोलेगा।

Updated on:
11 Nov 2026, 9:31 PM IST
Published on: