हमले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शुवैख तेल क्षेत्र स्थित कॉम्प्लेक्स का एक हिस्सा आग की चपेट में नजर आ रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इमारत से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में अब तक किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
Iran Attack On Kuwait: ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को कुवैत इसकी जद में आ गया। ईरान ने कुवैत के कई इमारतों को निशाना बनाया। कुवैत के तेल क्षेत्र पर हमला किया गया है। कुवैत के मुताबिक, शुवैख तेल क्षेत्र में स्थित मंत्रालय के एक कॉम्प्लेक्स पर ड्रोन के जरिए हमला किया गया। इस घटना को ईरान की बढ़ती आक्रामकता के तौर पर देखा जा रहा है। हमले के बाद सामने आए एक वीडियो में कॉम्प्लेक्स का एक हिस्सा आग की चपेट में दिखाई दे रहा है। आग इतनी तेज थी कि दूर से ही उसकी लपटें साफ नजर आ रही थीं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक इस हमले में किसी के घायल या मारे जाने की कोई सूचना नहीं मिली है।
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हो गईं और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुट गईं। कुवैत के वित्त मंत्रालय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बयान जारी कर पूरी जानकारी शेयर की। वहीं, कुवैत की सेना ने बताया कि उनका हवाई रक्षा तंत्र लगातार सक्रिय है और दुश्मन की ओर से दागी जा रही मिसाइलों और ड्रोन को बीच रास्ते में ही नष्ट किया जा रहा है। सेना ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि अगर कहीं विस्फोट की आवाज सुनाई दे, तो घबराने की जरूरत नहीं है, यह दरअसल रक्षा प्रणाली द्वारा खतरों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया का हिस्सा है।
बताया जा रहा है कि कुवैत अकेला देश नहीं है जो इन हमलों की चपेट में आया है। खाड़ी क्षेत्र के कई अन्य देशों को भी इसी तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों के बाद से ही ईरान लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है, और अब यह टकराव धीरे-धीरे एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप लेता दिख रहा है।
ईरान के कुवैत पर किये हमले के बाद से यह आशंका जताई जा रही है कि युद्ध का दायरा खत्म ना होकर अभी और बढ़ सकता है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। जिसे ईरान ने ठेंगा दिखाते हुए कुवैत पर हमला कर दिया। दरअसल, कुवैत से अमेरिका कई सैन्य गतिविधियों को अंजाम देता है। इसलिए ईरान ने हमला बोल दिया।