Middle East tensions: ईरान ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4 की 83वीं लहर में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर हमले तेज किए। बुशहर परमाणु संयंत्र के पास हमलों से IAEA ने विकिरण जोखिम को लेकर चिंता जताई।
US-Iran-Israel Conflict: एक ओर अमेरिका मध्य-पूर्व में शांति स्थापित करने की पहल कर चुका है, वहीं दूसरी ओर इजरायल की तरफ से ईरान पर हमले जारी हैं। इन हमलों के जवाब में ईरान ने शुक्रवार को ऑपरेशन टू प्रॉमिस-4 की 83वीं लहर शुरू की। इस हमले में ईरान ने क्षेत्र में प्रमुख अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरान की तरफ से जिन लक्ष्यों को निशाना बनाया गया, उनमें अशदोद में ऑयल डिपो, मोदीइन बस्ती में एक सैन्य स्थल, और क्षेत्र में एक अमेरिकी सैन्य सूचना विनिमय केंद्र शामिल थे। इसके अलावा, IRGC ने अल धाफरा और उल उदेइरी में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया। साथ ही, अली अल-सलेम हवाई अड्डों पर परिवहन विमानों, ड्रोन के रखरखाव और भंडारण हैंगरों को भी निशाना बनाया गया।
इन लक्ष्यों के अतिरिक्त, ईरान ने अमेरिकी सेना के जेट और लड़ाकू विमानों के ईंधन टैंक, शेख ईसा बेस पर स्थित पैट्रियट मिसाइल प्रणाली के रखरखाव और मरम्मत के हैंगरों पर भी हमले किए।
खास बात यह है कि यह हमले तब हुए हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अभियानों में नरमी के संकेत दिए थे। ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान ने अपने ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले अमेरिकी हमलों पर सात दिन का विराम मांगा था, जिसे उन्होंने बढ़ाकर 10 दिन (6 अप्रैल तक) कर दिया।
उधर, अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास हालिया सैन्य हमलों पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की, जिनमें नवीनतम हमला मंगलवार शाम को हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के बयान के अनुसार, चूंकि यह परमाणु ऊर्जा संयंत्र चालू स्थिति में है, जिसमें भारी मात्रा में परमाणु सामग्री मौजूद है। महानिदेशक ग्रॉसी ने चेतावनी दी है कि संयंत्र को नुकसान पहुंचने से ईरान और उसके आसपास के बड़े क्षेत्र में गंभीर विकिरण दुर्घटना हो सकती है।
महानिदेशक ग्रॉसी ने यह भी कहा कि इस तरह की परमाणु दुर्घटना के जोखिम से बचने के लिए अधिकतम संयम बरतने का आह्वान किया है और संघर्ष के दौरान परमाणु सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सात बिंदुओं के पालन के महत्व पर जोर दिया।