विदेश

Iran-Pakistan Talks: आज ईरान और पाकिस्तान के बीच बैठक, अमेरिका ने क्या भेजा है संदेश; युद्धविराम पर बड़ा अपडेट

Iran Pakistan Meeting: आसीम मुनीर अपने साथ अमेरिका का एक नया प्रस्ताव लेकर पहुंचे हैं, जिसमें संभावित दूसरे दौर की वार्ता का खाका पेश किया गया है।
2 min read
Apr 16, 2026
Feature image
ईरानी अधिकारी और आसीम मुनीर के बीच होगी बैठक (Photo-IANS)

Iran Pakistan Talks: ईरान और अमेरिका के बीच अटकी बातचीत को फिर से पटरी पर लाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसको लेकर गुरुवार को ईरानी अधिकारियों और पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के बीच अहम बैठक होने जा रही है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में उन मांगों पर चर्चा की जाएगी जो कि 12 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई वार्ता विफल होने के बाद दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान किए गए थे।

ईरान पहुंचे आसीम मुनीर

ईरानी सरकारी मीडिया एजेंसी तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आसीम मुनीर की मुलाकात सीधे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से होगी या नहीं। हालांकि, इससे पहले बुधवार को अराघची ने तेहरान में मुनीर का स्वागत किया और बातचीत को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की सराहना की।

एक्स पर पोस्ट करते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लिखा कि पाकिस्तान द्वारा वार्ता की मेजबानी दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दर्शाती है और क्षेत्र में शांति व स्थिरता के लिए साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।

अमेरिका का प्रस्ताव लेकर पहुंचे मुनीर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आसीम मुनीर अपने साथ अमेरिका का एक नया प्रस्ताव लेकर पहुंचे हैं, जिसमें संभावित दूसरे दौर की वार्ता का खाका पेश किया गया है। इस दौरान पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी उनके साथ मौजूद हैं।

पाकिस्तान में पहले दौर की वार्ता हुई फेल

बता दें कि इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में सीजफायर के बाद शांति वार्ता विफल हो गई थी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच कई मांगों पर सहमति नहीं बन पाई। 

पाकिस्तान में हो सकती है दूसरे दौर की भी वार्ता

माना जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बैठक गतिरोध तोड़ने की आखिरी बड़ी कोशिश हो सकती है। फिलहाल क्षेत्र में दो हफ्ते का सीजफायर लागू है और तनाव बरकरार है। संभावना जताई जा रही है कि अगला दौर की वार्ता इस्लामाबाद में हो सकता है, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जारेड कुशनर अहम भूमिका निभा सकते हैं।

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि वह सीजफायर बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं, लेकिन कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने हाल ही में कहा कि आने वाले दिनों में इस दिशा में प्रगति देखने को मिल सकती है।

Updated on:
16 Apr 2026 01:12 pm
Published on:
16 Apr 2026 10:31 am