विदेश

ईरानी विदेश मंत्री अराघची की होगी छुट्टी? राष्ट्रपति पेज़ेशकियान और संसद स्पीकर गालिबफ हो गए खिलाफ

Iran Political Situation: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची की छुट्टी होने की नौबत आ गई है। क्या है इसकी वजह? आइए जानते हैं।

less than 1 minute read
May 01, 2026
Abbas Araghchi (Photo - Washinton Post)

ईरान (Iran) की विदेश नीति में विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) की अहम भूमिका रही है। ईरान के खिलाफ युद्ध हो, या फिर सीज़फायर, होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) बंद करने का मामला हो, या फिर अमेरिका (United States of America) से शांति-वार्ता, हर मोड़ पर अराघची पूरी तरह से एक्टिव रहे हैं। देश के लिए कठिन समय के दौरान भी अराघची लगातार सहयोगी देशों के संपर्क में रहे। लेकिन अब उनकी ही कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है।

राष्ट्रपति और संसद स्पीकर हो गए खिलाफ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान (Masoud Pezeshkian) और संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ (MB Ghalibaf), दोनों ही अराघची के खिलाफ हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ही अराघची को विदेश मंत्री के पद से हटाना चाहते हैं।

क्या है वजह?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पेज़ेशकियान और गालिबफ ने अराघची पर राष्ट्रपति को दरकिनार करते हुए आईआरजीसी (IRGC) के निर्देशों का पालन करने का आरोप लगाया है। दोनों का मानना है कि अराघची ने कैबिनेट मंत्री की भूमिका से ज़्यादा आईआरजीसी कमांडर अहमद वाहिदी (Ahmad Vahidi) के सहायक के रूप में काम किया है और यही दोनों की नाराज़गी की वजह है। सरकारी सूत्रों के अनुसार अराघची सभी मामलों में वाहिदी के साथ पूर्ण समन्वय में काम कर रहे हैं और राष्ट्रपति पेज़ेशकियान को सूचित किए बिना आईआरजीसी कमांडर के निर्देशों के आधार पर नीतियों को लागू कर रहे हैं।

गंभीर हुए आंतरिक मतभेद

बताया जा रहा है कि ईरानी सरकार और आईआरजीसी में आंतरिक मतभेद गंभीर हो गए हैं। इस वजह से पेज़ेशकियान के लिए गहरी असंतुष्टि पैदा हो गई है, जिन्होंने कथित तौर पर अपने करीबी लोगों से कहा है कि अगर वर्तमान स्थिति बनी रहती है तो वह अराघची को बर्खास्त कर देंगे।

Also Read
View All