विदेश

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान की दो-टूक – ‘तय की गई ज़िम्मेदारियों को पूरी तरह से निभाने की प्रतिबद्धता ज़रूरी’

Iran-US Peace Deal: ईरान और अमेरिका के बीच हुए शांति समझौते पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने एक बड़ी बात कह दी है। क्या कहा पेज़ेशकियान ने? आइए जानते हैं।

2 min read
Jun 23, 2026
Masoud Pezeshkian
मसूद पेज़ेशकियान (File Photo)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच शांति समझौता (Iran-US Peace Deal) होने से अब दोनों देशों के बीच युद्ध का स्थायी अंत हो चुका है और साथ ही संबंधों में सुधार की नई उम्मीद भी जाग उठी है। इसी बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान (Masoud Pezeshkian) ने दोनों देशों के बीच हुए शांति समझौते को लेकर एक बड़ी बात कह दी है।

क्या कहा पेज़ेशकियान ने?

पेज़ेशकियान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "बातचीत की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि तय की गई ज़िम्मेदारियों को पूरी तरह से निभाने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई जाए और उन्हें सही तरह से लागू किया जाए। दोनों देशों के बीच इस दिशा में हुई प्रगति को इस बात से तय किया जाएगा कि स्वीकार की गई ज़िम्मेदारियों का व्यावहारिक पालन कितना किया गया है। तय की गई शर्तों और प्रावधानों से हटकर दिए गए बयान बातचीत को आगे बढ़ाने में मदद नहीं करते हैं।"

किस ओर है ईरानी राष्ट्रपति का इशारा?

पेज़ेशकियान ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि उनका इशारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की बयानबाजी से है। ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता होने के बाद भी ट्रंप कई बार ईरान को धमकियाँ दे चुके हैं। इन धमकियों से बात सुधरने की जगह बिगड़ने का खतरा ज़्यादा है।

पाकिस्तान दौरे पर हैं पेज़ेशकियान

पेज़ेशकियान इस समय पाकिस्तान (Pakistan) दौरे पर हैं। उनका यह दौरा एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा है, जिसके तहत वह इस्लामाबाद (Islamabad) पहुंच गए हैं। ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते के बाद पेज़ेशकियान का पाकिस्तान दौरा काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों देशों के बीच सहमति समझौते में पाकिस्तान ने मध्यस्थ के रूप में अहम भूमिका निभाई है। इस दौरे के दौरान पेज़ेशकियान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी (Asif Ali Zardari) से मुलाकात करेंगे और साथ ही आर्मी चीफ आसिम मुनीर (Asim Munir) से भी मुलाकात की संभावना है। पेज़ेशकियान के पाकिस्तान दौरे के एजेंडे में ईरान-अमेरिका के बीच शांति समझौते के लिए आभार व्यक्त करने के साथ ही बातचीत बनाए रखने पर जोर देना, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाना, सीमा सुरक्षा, ऊर्जा सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दे शामिल हैं।