विदेश

ईरान का अमेरिका को 5 दिन का अल्टीमेटम, मोहसिन रेजाई बोले- शर्तें माने बिना न बातचीत होगी, न खुलेगा होर्मुज

Iran-US Tensions: ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा है कि अमेरिका को ईरान की शर्तें स्वीकार करने के लिए चार से पांच दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक ईरान की शर्तें नहीं मानी जातीं, तब तक अमेरिका के साथ बातचीत नहीं होगी और होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
2 min read
Sep 23, 2026
Iran-US conflict Strait of Hormuz Mohsen Rezaei
ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई (X@Iran Observer)

Iran-US Conflict: ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (SNSC) के सेक्रेटरी मोहसेन रेजाई ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और बातचीत शुरू करने को लेकर अमेरिका को अल्टीमेटम दिया है। ईरान के सरकारी टेलीविजन IRIB को दिए एक इंटरव्यू में मोहसेन रेजाई ने साफ किया कि तेहरान ने वॉशिंगटन को अपनी सभी शर्तें मानने के लिए चार से पांच दिन की समय-सीमा दी है। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका इन शर्तों को नहीं मानता, तब तक न तो कोई कूटनीतिक बातचीत होगी और न ही रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य का समुद्री रास्ता फिर से खोला जाएगा।

होर्मुज हमारा सम्मान और ताकत है: मोहसेन रेजाई

दुनिया भर में तेल की सप्लाई के लिए सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य को मोहसेन रेजाई ने ईरान के अधिकारों की रक्षा के लिए एक बड़ा जरिया बताया। उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान की ताकत और सम्मान है। यह ईरानी लोगों के लिए अपने अधिकार हासिल करने का एक औजार है।

मोहसेन रेजाई ने कहा कि ईरान का मौजूदा कूटनीतिक रुख उसके पुराने रवैये से बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि ईरान पुरानी कूटनीति की ओर वापस नहीं लौट रहा है, सिर्फ बातें करने और खोखली वार्ता का दौर अब खत्म हो चुका है। अमेरिका को सबसे पहले ईरानी लोगों का भरोसा जीतना होगा और ऐसा करने के लिए उसे पहले ईरान की शर्तें माननी होंगी।

मोहसेन रेजाई ने बताया कि तेहरान ने पहले ही मध्यस्थों के जरिए अमेरिका तक अपनी शर्तें पहुंचा दी हैं और विदेश मंत्री अब्बास अरागची न्यूयॉर्क में चल रही संयुक्त राष्ट्र (UN) की बैठक के दौरान मध्यस्थों के जरिए एक बार फिर इन शर्तों को दोहराएंगे।

पड़ोसी देशों को दी चेतावनी

मोहसेन रेजाई ने क्षेत्र के पड़ोसी देशों को भी कड़ी चेतावनी दी और कहा कि वे ईरान के खिलाफ अमेरिका के किसी भी सैन्य या रणनीतिक ऑपरेशन में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि वह अभी पड़ोसी देशों से आग्रह कर रहे हैं कि वे अमेरिका के इस दुस्साहस और खेलों में न पड़ें। मोहसेन रेजाई ने चेतावनी दी कि अगर कोई पड़ोसी देश अमेरिका का साथ देता है, तो ईरान उस देश के विमानों की उड़ानों पर रोक लगा देगा।

मोहसेन रेजाई का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने सेकेंडरी प्रतिबंधों की चेतावनी देते हुए कहा था कि सभी ईरानी एयरलाइंस को अपना कामकाज बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Updated on:
23 Sept 2026 09:03 pm
Published on:
23 Sept 2026 09:03 pm