
TMC नेता हुमायूं कबीर (फोटो- ANI)
Humayun Kabir Attack: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पूर्व IPS अधिकारी और TMC नेता हुमायूं कबीर ने पूर्वी जाधवपुर पुलिस स्टेशन के बाहर हुए हमले की घटना के बारे में बताया। हुमायूं कबीर ने कहा कि वे पार्टी पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की खबर सुनकर स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन का मुख्य गेट बंद था और वहां पुलिसकर्मी खड़े थे। जैसे ही उन्होंने गेट खुलवाने के लिए अपना नाम बताया, भीड़ ने उन्हें पहचान लिया और अचानक पीछे से उनका कॉलर पकड़कर उल्टा घुमाया और चेहरे पर ताबड़तोड़ घूंसे बरसाने शुरू कर दिए।
हुमायूं कबीर ने बताया कि मुकुंदापुर इलाके में पार्टी का एक कार्यक्रम चल रहा था, हालांकि वे उस समय किसी निजी काम से धर्मतला में मौजूद थे। शाम करीब 7:30 बजे उन्हें खबर मिली कि टैगोर अस्पताल के पास स्थित TMC IT सेल प्रमुख उपासना चौधरी के घर पर हमला हुआ है। इसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन से संपर्क किया और उन्हें बताया गया कि स्थिति सामान्य है। हालांकि, कुछ ही देर बाद उन्हें जानकारी मिली कि पार्टी के दो वरिष्ठ सहयोगियों एडवोकेट बैश्वानर चट्टोपाध्याय और पात्रिदीप दास को पूर्वी जाधवपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। फिर वे स्थिति के बारे में पता करने के लिए रात करीब 8 बजे सीधे पुलिस स्टेशन गए
हुमायूं कबीर ने बताया कि जब वे अपनी कार से उतरे और पुलिस स्टेशन के गेट की ओर बढ़े, तो उन्होंने देखा कि गेट बंद था और अंदर पुलिसकर्मी खड़े थे। जब उन्होंने गेट खोलने के लिए कहा, तो पुलिस ने उनकी पहचान पूछी। उन्होंने बताया, "मैंने बस इतना कहा कि मैं हुमायूं कबीर हूं। तभी पीछे से किसी ने आवाज लगाई कि यह तृणमूल कांग्रेस का हुमायूं कबीर है। यह सुनते ही एक शख्स ने पीछे से मेरा कॉलर पकड़ा, मुझे उल्टा घुमाया और चेहरे पर पंच मारने लगा।"
हुमायूं कबीर ने बताया कि लगभग 30-35 लोगों की भीड़ ने उन्हें दो-तीन मिनट तक घेरे रखा और उनके चेहरे व गर्दन पर करीब 35 बार वार किए। जब वे गिर रहे थे, तो कुछ पुलिसकर्मियों ने हाथापाई के बीच उन्हें भीड़ से बाहर निकाला, पुलिस स्टेशन के अंदर ले गए और दरवाज़ा बंद कर दिया।
हुमायूं कबीर ने बताया कि जब वह पुलिस स्टेशन के अंदर फेसबुक लाइव सेशन कर रहे थे, तभी उन्हें अचानक बहुत ज्यादा चक्कर आने लगे थे। उन्होंने पानी मांगा और जैसे ही थोड़ा पानी पिया, उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुर्सी से गिर पड़े। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें झटके महसूस होने लगे। हालात को देखते हुए, उन्होंने तुरंत कोलकाता पुलिस कमिश्नर को फोन करके एम्बुलेंस भेजने का अनुरोध किया। इसके बाद उन्हें तुरंत पुलिस की गाड़ी से पीयरलेस अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में हुई जांच के बारे में हुमायूं कबीर ने बताया कि उनके चेहरे पर लगभग 5 सेंटीमीटर लंबा और गहरा कट लगा है। चेहरे पर बहुत ज्यादा सूजन होने के कारण डॉक्टर अभी टांके नहीं लगा पाए हैं और सूजन कम होने का इंतजार कर रहे हैं। एक्स-रे से पता चला कि नाक की हड्डी तो नहीं टूटी है, लेकिन नस फटने से खून बह रहा था। इसके अलावा, उनकी गर्दन के सॉफ्ट-टिश्यू में भी गंभीर चोट आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
Updated on:
23 Sept 2026 07:26 pm
Published on:
23 Sept 2026 07:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
