
Iran US War Update: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने एक खतरनाक मोड़ ले लिया है। खार्ग आइलैंड पर हमले की खबरों के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच टकराव और गहराता दिख रहा है। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने दुनिया भर में चिंता बढ़ा दी है। ट्रंप ने संकेत दिया है कि हालात बेहद गंभीर हैं और आने वाले कुछ घंटे पूरे क्षेत्र की दिशा तय कर सकते हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है और शायद वह कभी वापस न आए। मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन संभव है कि ऐसा हो।” उन्होंने आगे कहा कि यह दुनिया के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों में से एक हो सकता है और आने वाले घंटों में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
ट्रंप के बयान को ईरान पर दबाव बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने संदेश में संकेत दिया कि अगर हालात नहीं बदले तो बड़े स्तर पर बदलाव संभव है। साथ ही उन्होंने ईरान के लोगों के लिए शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं, जिससे यह भी साफ हुआ कि उनका संदेश सीधे सरकार को लेकर है।
इस बयान से पहले खार्ग आइलैंड पर हमले की खबर सामने आई थी, जो ईरान के लिए बेहद अहम रणनीतिक और आर्थिक केंद्र माना जाता है। यहां से देश के बड़े हिस्से का तेल निर्यात होता है। ऐसे में इस इलाके को निशाना बनाए जाने से न सिर्फ ईरान बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी हलचल बढ़ गई है।
ट्रंप द्वारा तय की गई समय-सीमा खत्म होने में कुछ ही घंटे बाकी हैं। ऐसे में विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह समय बेहद संवेदनशील है और किसी भी बड़े फैसले या सैन्य कार्रवाई से हालात और बिगड़ सकते हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का असर केवल मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं है। तेल की कीमतों, वैश्विक बाजार और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर इसका सीधा प्रभाव पड़ सकता है। दुनिया की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि आने वाले घंटों में क्या फैसला होता है और क्या तनाव कम होता है या और बढ़ता है।