
US Defense Budget: अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मंगलवार को बताया कि ईरान के खिलाफ जारी युद्ध पर अमेरिका का अब तक का खर्च 37.5 अरब डॉलर (करीब ₹3.60 लाख करोड़) तक पहुंच गया है। उन्होंने वॉशिंगटन में कांग्रेस की एक सुनवाई के दौरान यह जानकारी दी। इस दौरान पीट हेगसेथ युद्ध को जारी रखने के लिए तत्काल अतिरिक्त फंडिंग की आवश्यकता बताई। अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि 37.5 अरब डॉलर के इस अनुमान में अब तक हुए खर्च के साथ 30 सितंबर तक होने वाले संभावित खर्च भी शामिल हैं। हालांकि, पेंटागन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह आंकड़ा किस आधार पर तैयार किया गया है। इससे पहले मार्च में एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया था कि युद्ध के शुरुआती छह दिनों में ही कम से कम 11.3 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान लगाया गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने कांग्रेस से करीब 90 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग मांगी थी, जिसमें अधिकांश राशि ईरान युद्ध से जुड़ी है। इस मांग पर कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में बहस तेज हो गई है। नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले युद्ध और बढ़ते खर्च को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमला बोल रहा है।
सुनवाई के दौरान डेमोक्रेटिक सांसदों ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन पर युद्ध को लेकर पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाया। वरिष्ठ डेमोक्रेट सदस्य पैटी मरे ने कहा कि राष्ट्रपति के बयान युद्ध को और बढ़ाने का संकेत देते हैं। इससे यह एक लंबा संघर्ष बन सकता है।
वहीं, डेमोक्रेटिक सीनेटर किर्स्टन गिलिब्रैंड ने कहा कि प्रशासन के अलग-अलग बयान लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी युद्ध खत्म होने की बात कही जाती है और फिर नए सैन्य अभियान की घोषणा की जाती है।
हेगसेथ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अतिरिक्त बजट नहीं मिला तो सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कटौती करनी पड़ सकती है। उन्होंने सांसदों से अतिरिक्त फंडिंग के साथ-साथ वित्त वर्ष 2027 के लिए 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा बजट को भी मंजूरी देने की अपील की।
उधर, अमेरिका के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने स्थानीय समयानुसार मंगलवार को सीनेट से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 1.5 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा बजट को मंजूरी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य की सैन्य चुनौतियों का सामना करने, महत्वपूर्ण तकनीकों में निवेश तेज करने और प्रतिद्वंद्वी देशों से आगे रहने के लिए अमेरिकी सशस्त्र बलों को इस फंडिंग की आवश्यकता है।
इस बीच, पेंटागन ने बताया कि ईरान युद्ध में अब तक 18 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 430 सैनिक घायल हुए हैं। 7 जुलाई के बाद घायल हुए 100 सैनिकों में से 96 प्रतिशत दोबारा ड्यूटी पर लौट चुके हैं। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच इस महीने की शुरुआत में हुआ युद्धविराम टूटने के बाद दोनों देशों के बीच रोजाना हमले जारी हैं।