ईरान में प्रदर्शन जारी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक वहां अब तक 2400 से अधिक मौते हुई हैं, 10 हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर ...
ईरान में अस्थिरता का माहौल है। सरकार के विरोध और समर्थन में प्रदर्शन व रैलियां हो रही हैं। एकबार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में इस्लामिक रीजिम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को उकसाया है। ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि हम मदद भेज रहे हैं। उन्होंने संस्थाओं पर कब्जा करने की अपील भी की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हत्यारों और अत्याचार करने वालों के नाम संभालकर रखो। उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी होगी। मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ होने वाली सभी बैठकों को रद्द कर दिया है। उन्होंने इस दौरान MIGA (मेक ईरान ग्रेट अगेन) का नारा भी दिया।
ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रेजा पहलवी ने अब सेना से विद्रोह की अपील कर दी है। रेजा पहलवी ने कहा कि मेरे देशवासियों, दुनिया ने न केवल आपकी आवाज और साहस को देखा और सुना है, बल्कि अब वह प्रतिक्रिया भी दे रही है। अब तक आपने शायद संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति का संदेश सुन लिया होगा। मदद आ रही है। जिस तरह से आप अब तक संघर्ष करते आए हैं, उसे जारी रखें। इस शासन व्यवस्था को यह भ्रम पैदा करने की अनुमति न दें कि जीवन सामान्य है।
इधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप और रेजा पहलवी के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी कदम के लिए तैयार हैं। अगर वे फिर से मिलिट्री ऑप्शन आजमाना चाहते हैं, जिसे वे पहले ही आजमा चुके हैं, तो हम तैयार हैं।
वहीं, अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू होने के बाद से कम से कम 2,403 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी के अनुसार मरने वालों में 12 साल के बच्चे भी शामिल हैं। विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से देशभर में कम से कम 18,137 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।