विदेश

कताइब हिजबुल्लाह के गढ़ में तेल का खेल: तस्करी के आरोप में इराक के 9 टॉप सिक्योरिटी अफसर बर्खास्त

इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने जर्फ अल-नस्र इलाके में कथित तेल तस्करी के मामले में 9 वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया। यह इलाका कताइब हिजबुल्लाह का गढ़ माना जाता है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 1:17 PM IST
Iran-backed group
इराक में तेल तस्करी पर बड़ा प्रहार,9 सुरक्षा अधिकारी बर्खास्त, Photo-ChatGpt

Iraq Security Officers Sacked: इराक के प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने जर्फ अल-नस्र इलाके में कथित तेल तस्करी के मामले को लेकर नौ वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है। जर्फ अल-नस्र इलाका ईरान समर्थित समूह 'कताइब हिजबुल्लाह' का गढ़ माना जाता है।

सैन्य प्रवक्ता सबाह अल-नुमान ने इराकी समाचार एजेंसी (INA) को बताया कि प्रधानमंत्री अल-जैदी ने जर्फ अल-नस्र (बाबिल प्रांत) में हो रही तस्करी की जांच करने वाली समिति की रिपोर्ट की समीक्षा के लिए एक आपातकालीन सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह कदम एक जांच के बाद उठाया गया है, जिसमें अवैध तेल रिफाइनरियों और तस्करी से जुड़ी गड़बड़ियों के सबूत मिले थे। अल-नुमान ने कहा कि जांच के नतीजों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने आदेश दिया है कि तेल तस्करी में शामिल होने के आरोपी सभी लोगों को न्यायपालिका के हवाले किया जाए।

पुलिस प्रमुख से लेकर पाइपलाइन कंपनी के निदेशक तक बर्खास्त

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने नौ अधिकारियों को बर्खास्त करने का भी आदेश दिया है। इनमें बाबिल प्रांत के सुरक्षा और खुफिया अधिकारी, गृह मंत्रालय के एक कमांडर और तेल मंत्रालय के तहत 'ऑयल पाइपलाइन्स कंपनी' के निदेशक शामिल हैं। बर्खास्त किए गए लोगों में बाबिल प्रांत के पुलिस प्रमुख भी शामिल हैं।

हर महीने 30 मिलियन डॉलर तक का काला कारोबार

बगदाद से रिपोर्ट कर रहे अल जजीरा के पीटर स्मिथ ने बताया कि इराक की पिछली सरकारें कथित तेल तस्करी नेटवर्क (जिसकी कीमत हर महीने 30 मिलियन डॉलर तक हो सकती है) के मुद्दे पर कुछ भी बोलने से बचती रही थीं।

स्मिथ ने कहा, अब तक यह इलाका एक तरह से 'राज्य के भीतर एक अलग राज्य' की तरह चल रहा था। लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने साफ कहा है कि इराक की जमीन के एक इंच हिस्से पर भी इस तरह की तेल तस्करी नहीं होने दी जाएगी।

पाइपलाइनों में सेंध लगाकर तेल चोरी

स्मिथ ने एक लीक हुई खुफिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि देश के दक्षिणी हिस्से में, बगदाद के ठीक दक्षिण से गुजरने वाली दो रणनीतिक तेल पाइपलाइनों में सेंध लगा दी गई थी। उन्होंने कहा, वहां से तेल निकाला और चुराया जा रहा था, जिसे बाद में ब्लैक मार्केट में बेच दिया जाता था। यह पूरा खेल हर महीने करोड़ों डॉलर का था।

Updated on:
15 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: