Hezbollah vs Israel War: विदेश मंत्री गिदोन सार ने वाशिंगटन डीसी में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच होने वाली वार्ता से पहले दावा किया कि इजरायल लेबनान के साथ शांति और सामान्यीकरण चाहता है।
Israel Lebanon Peace Talks: अमेरिका और ईरान के बीच जंग थम गई है, लेकिन तनाव बरकरार है। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर दोनों देशों के बीच संघर्ष चल रहा है। वहीं, इजरायल और लेबनान में जारी लड़ाई रुकने का नाम नहीं ले रही है। दोनों एक दूसरे पर मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहे है। इसी बीच इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने बड़ा बया दिया है। इजरायल और लेबनान जंग के बीच अचानक शांति की आहट की खबर सामने आ रही है। विदेश मंत्री गिदोन सार का कहना है कि हिजबुल्लाह उनके देश और लेबनान के बीच समस्या है।
विदेश मंत्री गिदोन सार ने मंगलवार वाशिंगटन डीसी में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच होने वाली वार्ता से पहले दावा किया कि इजरायल लेबनान के साथ शांति और सामान्यीकरण चाहता है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इजराइल और लेबनान के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं है। समस्या हिजबुल्लाह है। मंत्री ने कहा कि इजराइल की सुरक्षा के लिए जो समस्या है, वही लेबनान की संप्रभुता के लिए भी समस्या है और उन्होंने आगे कहा कि यही समस्या हिजबुल्लाह भी है।
मार्च की शुरुआत से लेकर अब तक इजरायली हमलों में लेबनान में 2,000 से अधिक लोग मारे गए हैं और दस लाख से अधिक लोग विस्थापित हो गए हैं। आज की बैठक – जो 1993 के बाद इस तरह की पहली वार्ता है – की मध्यस्थता अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो करेंगे और इसमें अमेरिका में इजरायल और लेबनान के राजदूत शामिल होंगे। हिजबुल्लाह के सेक्रेटरी-जनरल नईम कासिम ने लेबनान सरकार और इजराइल के बीच होने वाली बातचीत को खारिज कर दिया है।
एलएसईजी और केप्लर के शिपिंग डेटा से पता चलता है कि मंगलवार को करीब तीन टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते खाड़ी में प्रवेश कर चुके हैं। पनामा ध्वज वाला पीस गल्फ जहाज, ईरानी क्षेत्रीय जलक्षेत्र में लारक और होर्मुज द्वीपों के बीच के नए मार्ग से गुजरने के बाद, संयुक्त अरब अमीरात के हमरिया बंदरगाह की ओर जा रहा है। इस नए मार्ग को अपनाने का आदेश आईआरजीसी ने सभी जहाजों को दिया है।