विदेश

ईरान के बाद इजराइल ने एक और देश पर कर दिया बड़ा स्ट्राइक, मारा गया आतंकी संगठन का टॉप कमांडर

इजराइल ने ईरान के बाद लेबनान में बड़ा हमला किया। आईडीएफ ने दावा किया कि माजदल सेल्म इलाके में हिज्बुल्लाह के प्रमुख कमांडर अबू खलील बारजी को मार गिराया गया।
2 min read
Mar 22, 2026
Benjamin Netanyahu
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। (इमेज सोर्स: ANI)

इजराइल ने ईरान के बाद एक और देश में बड़ा स्ट्राइक कर दिया है। इजराइल के डिफेंस फोर्सेज ने दावा किया कि उन्होंने लेबनान में हिज्बुल्लाह के एक बड़े कमांडर को मार गिराया है।

इजराइली सेना ने बताया कि उन्होंने लेबनान के माजदल सेल्म इलाके में जोरदार स्ट्राइक किया। इस हमले में हिज्बुल्लाह कमांडर अबू खलील बारजी की मौत हो गई। इस स्ट्राइक में दो और लोग भी मारे गए हैं।

रदवान फोर्स में काम करता था कमांडर

इजराइली सेना ने यह भी बताया कि बारजी ने कई सालों तक 'रदवान फोर्स' में कमांडर के तौर पर काम किया है। हाल ही में उसने स्पेशल फोर्स की कमान संभाली थी, जो मुख्य रूप से इजराइली सैनिकों पर हमला करने के लिए जिम्मेदार थी।

इसके अलावा, इजराइली फोर्स ने दक्षिणी लेबनान के अलग-अलग इलाकों में हिज्बुल्लाह के आतंकवादी ठिकानों पर भी हमला किया। सेना ने बारजी से पहले वालिद मुहम्मद दिब को भी ढेर करने की घोषणा की थी।

कौन था दिब?

इजराइली सेना के अनुसार, दिब लेबनान में हमास के वित्तीय विभाग का एक शीर्ष अधिकारी था। दिब हमास के केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अधीन था।

वह जुडिया और सामरिया, लेबनान और अन्य देशों में स्थित विभागों को धन हस्तांतरित करने के अलावा सीरिया और लेबनान से आतंकवादी गुर्गों की भर्ती भी करता था।

इजराइली सेना ने एक फुटेज जारी कर ये भी दावा किया कि उसने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में हिज्बुल्लाह के 9 लड़ाकों को मार गिराया है। सेना के मुताबिक, उनके जवान ग्राउंड ऑपरेशन के लिए तैनात थे।

इसी दौरान कुछ हथियारबंद उस इलाके के पास आए। जैसे ही इन लोगों की पहचान हुई, सैनिकों ने तुरंत गोलीबारी शुरू कर दी। इसके साथ ही एयर फोर्स को भी सूचना दी गई, जिसने ऊपर से हमला किया।

इजराइली सैनिक सुरक्षित

जमीन और हवा से की गई इस कार्रवाई में सभी 9 लड़ाके मारे गए। इस पूरे अभियान में इजराइली सेना के किसी भी सैनिक को चोट नहीं आई।

रिपोर्ट और लेबनानी स्वास्थ्य महकमे के मुताबिक, इस लड़ाई में अब तक लेबनान में 1000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 100 से ज्यादा बच्चे भी शामिल हैं।

Updated on:
22 Mar 2026 08:17 pm
Published on:
22 Mar 2026 08:17 pm