
Raisina Tokyo 2026: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने टोक्यो में Raisina Tokyo 2026 के उद्घाटन सत्र के दौरान वर्तमान वैश्विक व्यवस्था की पांच प्रमुख सच्चाईयों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रणाली को बार-बार मिल रहे झटकों, संसाधनों व प्रौद्योगिकी के हथियारीकरण और चोकपॉइंट को आज की भू-राजनीतिक वास्तविकता के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
'रायसीना टोक्यो 2026' के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए, एस. जयशंकर ने कहा कि कोविड-19 महामारी, बड़े संघर्षों, व्यापार में रुकावटों और आर्थिक अस्थिरता जैसी कई उथल-पुथल के बाद अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था तेजी से बदल रही है।
एस. जयशंकर ने दुनिया की मौजूदा स्थिति से शुरुआत करते हुए कहा कि, मेरी नजर में, इसकी पांच मुख्य विशेषताएं हैं। उन्होंने पहली विशेषता के रूप में "अंतरराष्ट्रीय प्रणाली को लगने वाले झटकों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, कई दशकों तक वैश्वीकरण के जरिए लगातार विकसित होने वाली यह प्रणाली, अब एक के बाद एक कई झटकों से गुजरी है - जैसे कोविड महामारी, दो बड़े संघर्ष, व्यापार में रुकावटें और आर्थिक अस्थिरता।
विदेश मंत्री ने दूसरी विशेषता के रूप में संसाधनों और तकनीक को हथियारों की तरह इस्तेमाल करने (वेपनाइजेशन) और 'चोकपॉइंट्स' (महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नियंत्रण) का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कैसे संसाधनों, ऊर्जा, बाजार तक पहुंच, तकनीक और वित्त का इस्तेमाल रणनीतिक हथियारों के तौर पर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, चाहे संसाधन हों या ऊर्जा, बाजार तक पहुंच हो, तकनीक हो या फिर वित्त - वैश्विक आर्थिक गतिविधियों के हर पहलू का इस्तेमाल संबंधित पक्षों द्वारा खुले तौर पर हथियारों की तरह किया जा रहा है। 'चोकपॉइंट्स' और 'गेटवे' (चाहे वे भौतिक हों या वर्चुअल) भी अब रणनीतिक एजेंडे का हिस्सा बन गए हैं।
तीसरी विशेषता के रूप में 'अधिक जोखिम उठाने' की प्रवृत्ति का जिक्र करते हुए, जयशंकर ने कहा कि अत्यधिक प्रतिस्पर्धा की मानसिकता और अपनी बढ़त को ठोस नतीजों में बदलने की चाहत, आज अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को आकार दे रही है।
उन्होंने बताया कि चौथी विशेषता 'जोखिम कम करना' (डी-रिस्किंग) और 'विविधीकरण' (डायवर्सिफिकेशन) है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितताओं के बीच, विशेष रूप से बड़ी अर्थव्यवस्थाओं ने एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया के तौर पर इन्हें अपनाया है। "अब हमारे फैसले लागत और दक्षता से कम, और शायद विश्वसनीयता तथा विविधता पर अधिक निर्भर हैं। पांचवीं विशेषता पर जोर देते हुए, जयशंकर ने कहा कि अनिश्चित अंतरराष्ट्रीय माहौल में देशों और व्यवसायों के लिए भरोसेमंद साझेदारियां और भी महत्वपूर्ण होती जा रही हैं।