
जापान में बाढ़ से स्थिति बिगड़ गई है। राजधानी टोक्यो के पास चीबा प्रांत में पिछले कुछ घंटों में जो बारिश हुई है, उसने कई परिवारों को तोड़ दिया है। सड़कों पर पानी भर गया है, कारें डूब गईं हैं और अब तक कम से कम चार लोगों की जान चली गई है।
वहीं, इस त्रासदी के बीच एक व्यक्ति अभी भी लापता है। टोक्यो के पास पिछले कुछ घंटों में रिकॉर्ड तोड़ने वाली बारिश हुई है। इससे पूरा इलाका डुब गया है।बुधवार रात से गुरुवार सुबह तक चीबा में इतनी तेज बारिश हुई कि कई जगहों पर एक घंटे में 10 सेंटीमीटर से ज्यादा पानी बरस गया।
चीबा शहर में 12 घंटे में करीब 35 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। यह अगस्त महीने की पूरी औसत बारिश से तीन गुना ज्यादा है। कई लोग अपनी कारों में फंस गए। एक महिला अपनी कार के अंदर पानी में डूब गई।
इचिकावा में एक बुजुर्ग व्यक्ति सड़क पर तैरता हुआ मिला। दो और लोग कारों से बाहर नहीं निकल पाए। बचाव दल अब भी एक लापता व्यक्ति की तलाश में लगा है।
इस बीच, बारिश थोड़ी कम हो गई है, लेकिन खतरा अभी खत्म नहीं हुआ। बारिश कम होने के बावजूद अधिकारियों ने 4 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने का आदेश दिया है। कई जगहों पर नदियां उफान पर हैं और पहाड़ियों से मिट्टी खिसकने का डर बना हुआ है।
नारिता एयरपोर्ट पर करीब 7 हजार यात्री रात भर फंसे रहे क्योंकि ट्रेन और बस सेवाएं बंद हो गईं। सुगा स्टेशन पर भी हजारों लोग फंसे थे। जापानी सेना की मदद से उन्हें सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है।
करीब 20 हजार घरों में बिजली नहीं है। कई घरों में पानी घुस गया है। सड़कें नाले बन गईं हैं। लोग घुटनों तक पानी में चलते दिखे। मौसम विभाग ने सबसे हाई अलर्ट यानी लेवल 5 जारी किया था। अब इसे थोड़ा कम कर दिया गया है, लेकिन लोगों से अब भी सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
बता दें कि यह समय जापान में बॉन त्योहार का है, जब लोग घर लौटते हैं। लेकिन बारिश ने सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया। ट्रेनें रुकीं, सड़कें बंद हुईं और हजारों लोग रात भर स्टेशनों और एयरपोर्ट पर ही गुजारे। कई लोग सरकारी इमारतों में शरण लिए हुए हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि आगे और भी बारिश हो सकती है। लोग सुरक्षित जगहों पर ही रहें।