विदेश

Iran War: ‘समय लगेगा, पर नतीजा हमारे पक्ष में ही होगा’, ईरान को लेकर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस का बयान

Iran US Talks: ईरान से बातचीत पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि समय लगेगा लेकिन नतीजा अमेरिका के पक्ष में होगा। ईरान परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा, तेल के दाम गिरेंगे।
2 min read
Aug 06, 2026
JD Vance urges talks with Iran amid Hormuz tensions.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस। (Photo- IANS)

ईरान से बातचीत की स्थिति को लेकर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने बड़ा बयान दिया है। वांस ने कहा कि ईरान से बातचीत अभी उलझी हुई है लेकिन आखिरकार अमेरिका के लिए अच्छा नतीजा निकलेगा। उन्होंने फॉक्स न्यूज पर बोलते हुए भरोसा जताया कि अमेरिका की जनता को इससे फायदा होगा।

वांस ने एक और सबसे महत्वपूर्ण बात भी कही। उन्होंने साफ कहा कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा। अमेरिका हर तरह के उपाय इस्तेमाल करेगा। सैन्य, आर्थिक और कूटनीतिक तीनों रास्ते खुले रखे जाएंगे।

'तेल के दाम गिरेंगे'

वांस ने बताया कि ईरान से अभी बातचीत बीच में है। लोग जल्दी फैसला सुनना चाहते हैं लेकिन असलियत यह है कि समय लगेगा। उन्होंने कहा कि आज तेल का भाव 79 डॉलर के आसपास था। ये कीमतें जल्द नीचे आएंगी और लंबे समय तक कम रहेंगी। इससे अमेरिकी लोगों को सीधा फायदा होगा। पेट्रोल और डीजल सस्ता होने से आम परिवार की जेब पर बोझ कम पड़ेगा।

बातचीत गड़बड़ लेकिन मंजिल सही

वांस ने स्वीकार किया कि रास्ता आसान नहीं है। उन्होंने कहा- ये बातचीत गड़बड़ रहेगी और इसमें वक्त लगेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि नतीजा अमेरिका के पक्ष में ही निकलेगा। देश की स्थिति और मजबूत होगी। कोई भी जल्दबाजी में राय नहीं बना सकता। खेल अभी चल रहा है।

सभी हथियार इस्तेमाल करने का ऐलान

वांस ने साफ कहा कि अमेरिका सिर्फ बातचीत पर निर्भर नहीं रहेगा। जरूरत पड़ी तो सैन्य कदम, आर्थिक दबाव और राजनयिक कोशिशें साथ-साथ चलेंगी। उन्होंने कहा कि ईरान जिस तरह माने उसे समझौता करना ही होगा।

उन्होंने लोगों से अपील की कि बीच में राय न बनाएं। प्रक्रिया पूरी होने दें। ये बयान ऐसे समय आए हैं जब ईरान से जुड़े मुद्दे दुनिया भर में चर्चा में हैं। अमेरिका चाहता है कि तेल बाजार स्थिर रहे और कोई देश परमाणु खतरा न बने। वेंस की बातों से साफ है कि ट्रंप प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच फरवरी से ही तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों तरफ से अक्सर हमले होते हैं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल अपनी तरफ से हो रही बमबारी को रोक रखा है।

Updated on:
06 Aug 2026 07:52 am
Published on:
06 Aug 2026 07:51 am