विदेश

‘लादेन को छिपाने वाले देश से कैसा प्यार?’ पाकिस्तान प्रेम पर अपने ही देश में घिरे अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस

JD Vance Slammed For His Pakistan Love: अपने पाकिस्तान प्रेम को लेकर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने ही देश में आलोचना का सामना कर रहे हैं। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।

2 min read
Jun 23, 2026
JD Vance
जेडी वेंस (File Photo)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच शांति समझौते (Iran-US Peace Deal) के तहत स्विट्ज़रलैंड (Switzerland) के बर्गनस्टॉक (Bürgenstock) में दोनों पक्षों के बीच पहली मीटिंग हुई जिसमें मध्यस्थ देशों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) भी इस मीटिंग में मौजूद रहे, लेकिन इस दौरान वह कुछ ऐसा बोल गए कि अपने ही देश में घिर गए हैं। दरअसल वेंस ने पाकिस्तान (Pakistan) के प्रति अपना प्रेम जाहिर किया, जिसके लिए अब अमेरिका में उनकी आलोचना हो रही है।

"लादेन को छिपाने वाले देश से कैसा प्यार?"

अमेरिका के मोंटाना (Montana) राज्य के सीनेटर टिम शीही (Tim Sheehy) ने एक इंटरव्यू के दौरान अल-कायदा के लीडर और खूंखार आतंकी ओसामा बिन लादेन को पनाह देने में पाकिस्तान की भूमिका का ज़िक्र करते हुए वेंस पर निशाना साधा और कहा, "लादेन को छिपाने वाले देश से कैसा प्यार? हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान ने एक दशक तक लादेन को छिपाकर रखा था।"

"पाकिस्तान है अमेरिका का दुश्मन"

अमेरिकी राजनीतिक विश्लेषक मेघन मैककेन (Meghan McCain) ने एक इंटरव्यू के दौरान वेंस के पाकिस्तान प्रेम पर बयान देते हुए कहा, "मैं पाकिस्तान से बिल्कुल भी प्यार नहीं करती हूं। मैं उन्हें ऐसे लोगों के तौर पर देखता हूं जिन्होंने लादेन को छिपाकर रखा था। मुझे उपराष्ट्रपति वेंस से इस बयान के बारे में सफाई चाहिए क्योंकि मुझे नहीं पता कि वेंस क्या करने की कोशिश कर रहे हैं? मुझे लगता है कि पाकिस्तान, अमेरिका का दुश्मन है।"

कतर और पाकिस्तान का आतंकियों को पनाह देने का लंबा इतिहास

फ्लोरिडा (Florida) राज्य के सीनेटर रिक स्कॉट (Rick Scott) ने वेंस के बयान पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "अब तक सभी को यह साफ हो जाना चाहिए कि हमारे असली दोस्त कौन हैं। कतर और पाकिस्तान का आतंकियों को पनाह देने का लंबा इतिहास रहा है और अभी वो सार्थक शांति हासिल करने के बजाय ईरान के दशकों पुराने आतंकी अभियान को बढ़ावा देने में ज़्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं। अभी भी एक ऐसे व्यावहारिक समझौते की गुंजाइश है जिससे सभी को फ़ायदा हो। हालांकि सभी को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि ईरान के लिए इस स्थिति से निकलकर परमाणु हथियार बनाने की संभावना ज़रा भी नहीं है।"

क्या कहा था वेंस ने?

ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते में अहम भूमिका निभाने के लिए वेंस ने कहा था कि वह पाकिस्तान से प्यार करते हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा, "मैं यह कहूंगा कि जब से फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री (शहबाज़ शरीफ) के साथ हमारा स्वागत किया है, तब से मैं मज़ाक में कहता रहा हूं कि मेरी ज़िंदगी में दो बहुत-बहुत अहम लोग हैं। एक भारतीय और एक पाकिस्तानी। भारतीय मेरी पत्नी (ऊषा वेंस) हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल मुनीर हैं। पिछले 3 महीनों में मैंने शायद किसी और के मुकाबले मुनीर से ज़्यादा बात की है।"

Updated on:
23 Jun 2026 11:27 am
Published on:
23 Jun 2026 11:16 am