चाहे ओबामा फैमिली के लिए खाना बनाना हो या मिशेलिन स्टार्स पाना, मास्टर शेफ शो करना हो या दर्जनों किताबें लिखनी हों- विकास खन्ना ने हर कदम पर अपनी काबिलियत साबित की है।
रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी कुछ समय पहले मास्टर शेफ विकास खन्ना से मिलने पहुंची थीं। उन्होंने मास्टर शेफ को न्यूयॉर्क में सितंबर 2025 से शुरू हो रहे नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया था। उस दौरान विकास को 1992 का एक पुराना वाकया याद आ गया। अगर उस दिन विकास उस मां की बातों को दिल से लगा लेते और हार मान लेते, तो शायद वह आज इस मुकाम तक न पहुंचते।
साल 1992 में एक नौजवान विकास खन्ना आगरा के मशहूर मुगल शेरेटन होटल में ट्रेनी के तौर पर काम कर रहे थे। उस दिन लंच के वक्त उन्हें तंदूर में रोटियां पकाने की ड्यूटी दी गई थी। गर्म तंदूर के सामने खड़े होकर पसीने से भीगे हुए वह अपने काम में जुटे थे।
कुछ देर बाद वह रोटियां एक प्लेट में सजाकर एक टेबल पर देने पहुंचे। वहां एक मां अपने बेटे को डांटते हुए कह रही थी, 'देखो इसे… अगर पढ़ाई-लिखाई नहीं की तो इसी की तरह वेटर बन जाओगे।' इससे वहां आसपास बैठे लोग उस ओर ताकने लगे- जैसे वह कोई ‘नसीहत’ का उदाहरण हों। लेकिन विकास कुछ नहीं बोले। उन्होंने बस हल्की-सी मुस्कान दी और चुपचाप वापस चले गए।
वे शब्द उनके दिल में चुभ गए थे, लेकिन उन्होंने उसे अपने आत्मसम्मान पर हावी होने नहीं दिया। कुछ दिन बाद वह अमृतसर में अपनी दादी के पास गए और उन्हें यह वाकया बताया। दादी ने जो जवाब दिया, उसने विकास की पूरी सोच बदल दी। दादी ने कहा- 'पैसों की बजाय अपनी खुशी को चुनना और व्यापार के बजाय अपने उद्देश्य को।' यही बात उनके जीवन की दिशा बन गई। उन्होंने तय किया कि लोग क्या सोचते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता। फर्क इससे पड़ता है कि आप अपने काम को कितनी ईमानदारी और जुनून से करते हैं।
समय बीता…वही ‘वेटर’ कहलाने वाला लड़का आज दुनिया के सबसे मशहूर शेफ्स में से एक है। चाहे ओबामा फैमिली के लिए खाना बनाना हो या मिशेलिन स्टार्स पाना, मास्टर शेफ शो करना हो या दर्जनों किताबें लिखनी हों- विकास खन्ना ने हर कदम पर अपनी काबिलियत साबित की है।
मिशेलिन स्टार किसी रेस्त्रां को मिलने वाला शीर्ष अवार्ड है, जो Michelin Guide देता है। Michelin Guide एक प्रसिद्ध रेस्त्रां और होटल रेटिंग गाइड है, जो दुनिया भर में रेस्त्रां की क्वालिटी और उत्कृष्टता को मान्यता देता है।
Michelin Guide के इंस्पेक्टर रेस्त्रां का मूल्यांकन करते हैं और जो रेस्त्रां हाई स्टैंडर्ड को पूरा करते हैं, उन्हें स्टार दिया जाता है।